मुरादाबाद: सुरक्षा को धता बता लाइसेंसी असलहे संग कचहरी पहुंचा व्यापारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा को धता बताकर एक व्यापारी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर नामांकन स्थल तक पहुंच गया। व्यापारी ने पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग को मेल द्वारा ज्ञापन भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असलहा प्रदर्शन के मामले …

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा को धता बताकर एक व्यापारी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर नामांकन स्थल तक पहुंच गया। व्यापारी ने पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग को मेल द्वारा ज्ञापन भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असलहा प्रदर्शन के मामले में व्यापारी को नोटिस भेजा जाएगा।

सोमवार को कलेक्ट्रेट में विधानसभा चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसके लिए पूरा कचहरी परिसर छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी को भी बिना परिचय पत्र दिखाएं अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था। इसके बावजूद उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष सराफ दीपक कुमार अग्रवाल अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ कचहरी पहुंच गए। उन्हें किसी पुलिसकर्मी ने रोकने की जहमत नहीं उठाई।

कचहरी गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो वह अधिकारियों से ही भिड़ गए। एसपी ट्रैफिक और एसपी देहात से उनकी काफी देर तक नोकझोंक भी हुई। व्यापारी का कहना था कि चुनाव के नाम पर पुलिस और प्रशासन व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। उनके वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है।

उनके लाइसेंसी असलहे भी जमा कराए जा रहे हैं। इसके चलते व्यापारियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। व्यापारियों के साथ आए दिन लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को पत्र भेजकर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद कराने की मांग की है। उधर, कचहरी परिसर में असलहा लेकर घुसने के बारे में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि व्यापारी को इस मामले में नोटिस भेजा जाएगा।

संबंधित समाचार