बाजपुर: आचार संहिता के उल्लंघन में थमाया कारण बताओ नोटिस
बाजपुर, अमृत विचार। फेसबुक पर अमर्यादित टिप्पणी करने का मामला प्रकाश में आने के बाद इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पवन कुमार सिलवाल की ओर से संबंधित फेसबुक आईडी यूजर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बाजपुर निवासी दारा दिलेर रंधावा को जारी नोटिस में कहा गया …
बाजपुर, अमृत विचार। फेसबुक पर अमर्यादित टिप्पणी करने का मामला प्रकाश में आने के बाद इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पवन कुमार सिलवाल की ओर से संबंधित फेसबुक आईडी यूजर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बाजपुर निवासी दारा दिलेर रंधावा को जारी नोटिस में कहा गया है कि आठ जनवरी को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन की घोषणा के पश्चात आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा भी जनपद में आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 लागू की गई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य नहीं करेगा जिससे किसी धर्म (मजहब), संप्रदाय, जाति या सामाजिक वर्ग के लोगों की भावना आहत हों या उनमें तनाव की स्थिति उत्पन्न करने की आशंका हो।
बावजूद इसके सोमवार को फेसबुक पर बाजपुर निवासी दारा दिलेर रंधावा ने आपत्तिजनक/आमर्यादित टिप्पणी अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर इसका प्रसारण किया है, जो दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-144/आरपी एक्ट 1951/एमसीसी का खुला उल्लंघन है। इसके चलते संबंधित के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। साथ ही संतोषजनक जवाब न दे पाने की स्थिति में आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम आरसी तिवारी ने बताया कि मामला प्रकाश में आने के बाद 24 घंटे के अंदर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है, जवाब मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
