लखनऊ: प्रॉपर्टी डीलर संदीप पाल हत्याकांड में नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रॉपर्टी डीलर संदीप पाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने संदीप की हत्या में शामिल एक नाबालिग समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी संदीप के करीबी दोस्त थे। हालांकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी की बरामद गिरफ्तार आरोपियों …

लखनऊ। प्रॉपर्टी डीलर संदीप पाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने संदीप की हत्या में शामिल एक नाबालिग समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी संदीप के करीबी दोस्त थे। हालांकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी की बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप के दोस्त काकोरी थानांतर्गत नरौना गांव निवासी मनीष गौतम (22), विकास गौतम (20), पारा थानांतर्गत वादरखेड़ा निवासी सचिन रावत (21) व 16 वर्षीय किशोर शामिल है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी बरामद की है। वहीं मुख्य आरोपी पारा के वादरखेड़ा निवासी संतोष लोधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

खाली प्लॉट में मिला था प्रापर्टी डीलर का शव

ज्ञात हो कि गत शनिवार सुबह पुलिस ने पारा थानांतर्गत सलेमपुर के पतौरा गांव में एक खाली प्लॉट में काकोरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर संदीप पाल का शव बरामद किया था। संदीप के पेट में गोली मारकर हत्या की गई थी। शव से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर संदीप की कार भी बरामद हुई थी।

शराब के नशे में हो गई थी लड़ाई

काकोरी के सहायक पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने बताया कि सं दीप और मनीष शुक्रवार शाम कार से दोस्त की जन्मदिन पार्टी की बात कहकर काकोरी से घर से निकले थे। पार्टी में सभी ने जमकर शराब पी। लौटने के क्रम में विकास गौतम की कार से संतोष लोधी और अन्य भी लौट रहे थे। इसी दौरान पारा में सलेमपुर के पास किसी बात को लेकर संतोष और संदीप पाल में झगड़ा हो गया। नशे में संतोष ने पिस्तौल निकाल कर संदीप को दौड़ाया और पेट में गोली मार दी। इसके बाद संदीप की कार को छोड़कर मौके से फरार हो गये।

हत्या के आरोप में जेल से जमानत पर छूटा था संतोष लोधी

आशुतोष कुमार ने बताया कि संतोष लोधी पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व से ही हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती, रंगदारी, एससी-एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत सात मामले दर्ज हैं। हत्या के एक मामले में वह जेल में बंद था और गत 18 जनवरी को ही जेल से छूटकर बाहर आया था।

ये भी पढ़ें; संभल : तमिलनाडु की लावण्या को इन्साफ दिलाने के लिए सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार