अमरोहा : संपत्ति के लालच में भाई ने की थी छात्र की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आदमपुर/अमरोहा/अमृत विचार। घेर में सोते समय कक्षा 10 के छात्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जिसमें मृतक गणेश दत्त के बड़े भाई ने ही संपत्ति के लालच में अपने साथी के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार …

आदमपुर/अमरोहा/अमृत विचार। घेर में सोते समय कक्षा 10 के छात्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जिसमें मृतक गणेश दत्त के बड़े भाई ने ही संपत्ति के लालच में अपने साथी के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए।

आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव गुरैठा में 18 जनवरी की रात कक्षा दस के छात्र गणेश दत्त की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के दादा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मामले के खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया। मंगलवार को पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। थाना अध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि विवेचना में मृतक के बड़े भाई यज्ञदेव उर्फ जग्गा व उसके साथ नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर आलाकत्ल एक तमंचा, एक खोखा बरामद किया गया है।

पूछताछ में यज्ञदेव उर्फ जग्गा ने बताया कि मेरे पिता की दो पत्नी थीं। जिनमें किरन के कोई संतान नहीं थी और गणेश दत्त उर्फ गोलू को गोद ले रखा था। पिता रामकांत की मृत्यु के बाद परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद रहने लगा। दो मकान, एक प्लाट व खेती की करीब 70 बीघा जमीन है। गवां में 100 गज का प्लाट है। जिसमें मकान व मेडिकल स्टोर बना है। जिसको किरन अपनी देखरेख में गणेश से चलवा रही थी। दूसरा प्लाट जो करीब 300 वर्ग मीटर का संभल चौराहे पर है, उसमें भी उनका ही नाम है। उन्होंने गवां की संपत्ति पर कब्जा कर रखा था और खेती की जमीन में से भी आधी जमीन मांग रही थी। संपत्ति के लालच में गांव के ही नरेंद्र के साथ हत्या का प्लान बनाया और 18 जनवरी को तमंचे से हत्या कर शव को चारपाई पर डाल दिया था। पुलिस ने बताया कि यज्ञदेव उर्फ जग्गा पुत्र रामकांत शर्मा और नरेंद्र पुत्र चरण सिंह को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।

संबंधित समाचार