मुरादाबाद : जानलेवा हमले में दो भाइयों समेत 10 पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मकान की सफाई करने गए निर्यातक और उनके नाबालिग बेटे पर दो सगे भाइयों ने साथियों संग मिलकर हमला कर दिया। इसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल भेजा। घायल निर्यातक की तहरीर पर कटघर पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत 10 हमलावरों के ‌खिलाफ जानलेवा हमला …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मकान की सफाई करने गए निर्यातक और उनके नाबालिग बेटे पर दो सगे भाइयों ने साथियों संग मिलकर हमला कर दिया। इसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल भेजा। घायल निर्यातक की तहरीर पर कटघर पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत 10 हमलावरों के ‌खिलाफ जानलेवा हमला और बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

इंस्पेक्टर कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि गलशहीद थानाक्षेत्र के जवाहर नगर हरपाल नगर निवासी आकाश अग्रवाल की ‌पीतल फर्म है। उन्होंने 2019 में कटघर थानाक्षेत्र में कोहिनूर तिराहे के पास प्रथमा बैंक से नीलामी के दौरान एक मकान खरीदा था। इस मकान पर कुछ लोगों का कब्जा था। अदालत के आदेश पर पुलिस ने इस मकान पर 27 दिसंबर को आकाश अग्रवाल को कब्जा दिलाया था।

अकाश ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे वह बेटे 15 वर्षीय वासु, दोस्त राजेश शर्मा व कर्मियों को साथ लेकर मकान की सफाई करने गए थे। वहां अचानक मो. आलम अपने भाई महबूब आलम और कुछ लोगों को लेकर आ गया। आरोपी जबरदस्ती उनके घर में घुसे और हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक हमलावर भाग गए।

इसके बाद पुलिस ने घायल पिता-पुत्र का जिला अस्पताल में उपचार कराया। आकाश की तहरीर पर पुलिस ने कटघर के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी मो. आलम उसके सगे भाई महबूब आलम और उनके साथियों मो. आदिल, दानिश, शबलू, गुड्डू, सोनू, नूर आलम, राजू व रियासत के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, मारपीट, हत्या की धमकी व गाली-गलौज समेत नौ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि नामजद आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार