बरेली: जेठानी के साथ मिलकर मां ने नाबालिग बेटी की कराई शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार।  एक महिला ने जेठानी के साथ मिलकर नाबालिग बेटी की मुरादाबाद में जबरन शादी करा दी। पति के विरोध करने पर महिला ने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित की शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने उसकी पत्नी व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की …

बरेली,अमृत विचार।  एक महिला ने जेठानी के साथ मिलकर नाबालिग बेटी की मुरादाबाद में जबरन शादी करा दी। पति के विरोध करने पर महिला ने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित की शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने उसकी पत्नी व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

सुभाषनगर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह ड्राइवर की नौकरी करता है। चार साल पहले ही एक महिला ने उनसे कोर्ट मैरिज के जरिये दूसरी शादी की थी। बताया कि महिला की दो नाबालिग बेटियां भी हैं। व्यक्ति ने पत्नी पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपनी 14 वर्षीय बेटी की जबरन शादी कराना चाहती थी।

कुछ समय पहले पत्नी के पहचान वाले तीन युवक विशाल, राहुल व सोनू का घर पर आना-जाना शुरू हो गया। एक युवक ने घर में घुसकर किशोरी से अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। जब उसने विरोध किया तो उसकी पत्नी व उसके पहचान वाले युवकों ने उसके साथ मारपीट की। गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया।

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले की शिकायत सुभाषनगर पुलिस से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि महिला ने जेठानी के बेटे के साथ किशोरी को जबरन मुरादाबाद भिजवाया और वहां कोतवाली क्षेत्र स्थित कपूर फैक्ट्री के पास रहने वाले युवक से जबरन शादी करा दी।

पीड़ित ने इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुभाषनगर पुलिस व एसएसपी से शिकायत के बाद जब व्यक्ति ने डीएम से शिकायत की तो जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने किशोरी की मां, ताई व तीनों युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, हत्या के प्रयास, मारपीट व धमकाने के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

ये भी पढ़े-

बरेली: रामपुर बाग में 501 लोगों ने किया सूर्य नमस्कार

संबंधित समाचार