मुरादाबाद : धोखाधड़ी कर किया निकाह, जेवर भी हड़पे
मुरादाबाद, अमृत विचार। तलाकशुदा महिला से शादीशुदा युवक ने धोखा देकर निकाह कर लिया। पहली पत्नी का पता चलने पर आरोपी ने कह दिया कि वह उसके साथ नहीं रहती है। आरोपी ने महिला से जेवर भी हड़प लिए। बाद में उसकी पहली पत्नी भी उससे पैसे मांगने लगी। इस दौरान धोखे से उसका गर्भपात …
मुरादाबाद, अमृत विचार। तलाकशुदा महिला से शादीशुदा युवक ने धोखा देकर निकाह कर लिया। पहली पत्नी का पता चलने पर आरोपी ने कह दिया कि वह उसके साथ नहीं रहती है। आरोपी ने महिला से जेवर भी हड़प लिए। बाद में उसकी पहली पत्नी भी उससे पैसे मांगने लगी। इस दौरान धोखे से उसका गर्भपात भी करा दिया। पैसे देने से मना करने पर उसे तलाक दे दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी जान-माल का खतरा जताते हुए एसएसी से न्याय की गुहार लगाई है।
गलहशीद थानाक्षेत्र की नई आबादी ईदगाह निवासी रिजवाना ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि वह तलाकशुदा है। वह निजी अस्पताल में नौकरी करती है। दो साल पूर्व बिलारी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपने जाल में फंसा लिया। उसने झूठ बोलकर युवती से निकाह कर लिया। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। इसके बारे में पूछने पर आरोपी ने बताया कि वह अब उसके साथ नहीं रहती है।
इसके बाद आरोपी ने उससे सोने की अंगूठी, डेढ़ तोले की चैन आदि कारोबार के बहाने मांग ली। इस दौरान उसे पता चल गया कि वह अपनी पहली पत्नी के साथ रहता है और उनका एक बच्चा भी है। शिकायत करने पर आरोपी ने उसे पहली पत्नी से मिला दिया। बाद में वह भी पीड़िता से घरेलू सामान आदि के लिए कई बार पांच-पांच व 10-10 हजार रुपये मांगकर ले जाने लगी।
इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। जानकारी होने पर पति ने गर्भपात करने को कहा। इनकार करने पर दूध में दवाई खिलाकर आरोपी ने धोखे से गर्भपात करा दिया। विरोध पर मारपीट की। आरोप है कि 25 जनवरी की सुबह आरोपी ने उससे पैसे मांगे। मना करने पर तलाक दे दिया। उसने काफी मिन्नतें कीं मगर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी और तेजाब डालने की धमकी देकर चला गया। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गलशहीद एसएचओ को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
