मुरादाबाद : दूसरों को सुरक्षित करने वाली ही टीका लगवाना भूलीं
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों की सुरक्षा में लगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता खुद कोविडरोधी टीका लगवाना भूल गई। शासन द्वारा टीका नहीं लगवाने वाली कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने के आदेश जारी हुए हैं। सूत्रों की मानें तो जिले में सिर्फ 1000 कार्यकर्ताओं ने ही डोज लगवाई है। आदेश के बाद अब विभाग …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों की सुरक्षा में लगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता खुद कोविडरोधी टीका लगवाना भूल गई। शासन द्वारा टीका नहीं लगवाने वाली कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने के आदेश जारी हुए हैं। सूत्रों की मानें तो जिले में सिर्फ 1000 कार्यकर्ताओं ने ही डोज लगवाई है। आदेश के बाद अब विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पहले खुद टीकाकरण कराने की हिदायद दी जा रही है।
जिले में 2770 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। 2019 मार्च से कोरोना संक्रमण फैलने के बाद से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने से लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर टीकाकरण अभियान, घर-घर जाकर पुष्टाहार वितरण समेत अन्य काम में लगी है। 2019 व 2020 में कोरोना की चपेट में आने से कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौत भी हो गई। वहीं, कोरोना काल में सराहनीय कार्य के लिए कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में कार्यकर्ता विस चुनाव के मद्देनजर लोगों को टीके की दूसरी डोज लगवाने के लिए जागरुकता कार्यक्रम में लगी हुई हैं। ऐसे में शासन द्वारा नए निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों में जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने टीका नहीं लगवाया है, उनका मानदेय रोक दिया जाएगा। जिले में सिर्फ 1000 कार्यकर्ताओं ने ही टीका लगवाया है। शासन के निर्देशों के क्रम में डीपीओ अनुपमा शांडिल्य द्वारा सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराकर सोमवार तक रिपोर्ट भेजें।
भर्ती में भी टीके की डोज जरूरी
विस चुनावों के मद्देनजर लगी आचार संहिता के चलते रुकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती में भी कोरोना का टीका अनिवार्य है। ऐसे में जिन आवेदनकर्ताओं ने अब तक कोरोना को दूसरा डोज नहीं लगवाया है, वह मार्च से पहले लगवा ले। अन्यथा उन्हें रोजगार से वंचित रहना पड़ सकता है। सरकार के आदेश पर जिले में खाली 500 आंगनबाड़ी व 580 सहायिका के पदों पर तैनाती की जानी है। इनमें से 122 पदों पर ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र पर 10 फीसदी आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। बढ़ती बेरोजगारी के चलते 1080 पदों के लिए विभाग में 15 हजार आवेदन आए हुए है, जिनमें से 5000 की जांच हो चुकी है।
