अयोध्या: गोसाईगंज में हिंसक रुख अख्तियार कर रहा चुनाव, सपा-भाजपा समर्थकों में टकराव, गाड़ियों के तोड़े शीशे
अयोध्या। आखिरकार जिस बात की आशंका थी वही हुआ। मंगलवार की रात और बुधवार दोपहर अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में दो बाहुबलियों के समर्थकों के बीच 24 घंटे के अंदर दो बार तीखी झड़पें व टकराव हुआ। मंगलवार की रात थाना महाराजगंज क्षेत्र के कनकपुर में व बुधवार की दोपहर गोसाईगंज विधानसभा के …
अयोध्या। आखिरकार जिस बात की आशंका थी वही हुआ। मंगलवार की रात और बुधवार दोपहर अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में दो बाहुबलियों के समर्थकों के बीच 24 घंटे के अंदर दो बार तीखी झड़पें व टकराव हुआ। मंगलवार की रात थाना महाराजगंज क्षेत्र के कनकपुर में व बुधवार की दोपहर गोसाईगंज विधानसभा के चौरे बाजार में गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। हालांकि मामला थाने तो पहुंचा, लेकिन किसी की भी तरफ से तहरीर नहीं दी गई।
गोसाईगंज विधानसभा में समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी अभय सिंह हैं व भाजपा से पूर्व विधायक इन्द्रप्रताप तिवारी खब्बू की पत्नी आरती तिवारी मैदान में हैं। जेल में निरुद्ध भाजपा के पूर्व विधायक व बाहुबली इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की पत्नी आरती को भाजपा ने इस बार प्रत्याशी बनाया है।
दोनों पक्षों में हुआ तीखा टकराव
मंगलवार को देर रात थाना महाराजगंज के कनकपुर के पास भी दोनों पक्षों में झड़प हुई। विवाद के दौरान सपा प्रत्याशी अभय सिंह व भाजपा समर्थक विकास सिंह ने एक दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है। दरअसल रात में करीब दस बजे महाराजगंज थाने के सामने कनकपुर रोड पर भाजपा नेता विकास सिंह गाड़ियों के काफिले के साथ जा रहे थे। उन्होंने देखा कि सपा प्रत्याशी अभय सिंह का काफिला सामने से आ रहा है।
विकास समर्थकों ने घेरा थाना
यह देख उन्होंने अपनी गाड़ी साइड कर ली। अभय सिंह का काफिला गुजर ही रहा था कि उसमें शामिल सबसे पीछे की गाड़ी में सवार एक समर्थक ने विकास की गाड़ी के पीछे के शीशे को लाठी मारकर तोड़ दिया। फिर क्या था। विकास सिंह के काफिले के लोगों ने दौड़ाकर अभय के काफिले की तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद अभय सिंह भागकर थाने पहुंचे। इसी बीच देखते ही देखते विकास सिंह समर्थकों ने थाना घेर लिया।
बुरी तरह हारने जा रहे अभय सिंह: विकास
थानाध्यक्ष महाराजगंज दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी हुई थी। किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। विकास सिंह का कहना है कि अभय सिंह पिछले चुनाव से ज्यादा बुरी तरह इस चुनाव में हारने जा रहे हैं। इस बौखलाहट में अब वह टकराव गुंडागर्दी का खेल कर रहे हैं। जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। दूसरी ओर सपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक अभय सिंह ने उनके आरोप को गलत बताया है।
वहीं बुधवार की दोपहर गोसाईगंज विधानसभा के चौरे बाजार रामनगर में आरती तिवारी के समर्थक श्याम जी दुबे की फॉर्च्यूनर गाड़ी का साइड मिरर व एक अन्य गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को खदेड़ कर अलग कर दिया है।
अब प्रशासन ने वीडियोग्राफी कराने का लिया निर्णय
24 घंटे के अंदर दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच बढ़ती झड़प व टकराव को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। निर्णय लिया गया है कि दोनों प्रत्याशियों पर नजर रखने के लिए प्रशासन की ओर से उनकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। नियमत: होता यह है कि प्रत्याशियों के नामांकन के बाद से वीडियोग्राफी शुरू कराई जाती है, लेकिन विधानसभा को संवेदनशील समझते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: पीएम मोदी ने केंद्रीय बजट की समझाईं बारीकियां, कहा- किसानों को बनाएंगे ऊर्जादाता
