लखनऊ: कूड़े की बोरी में 15 लाख रुपए के नोट भरकर ले जा रहा था युवक, गिरफ्तार
लखनऊ। विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर पूरे प्रदेश में आचार संहिता प्रभावी है। चुनाव में फंड जुटाने के लिए विभिन्न राजनीतिक संगठन तरह-तरह की जुगत भिड़ाने में लगे हुए हैं। वहीं जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है राजधानी में नगद बरामद होने के मामले भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को वजीरगंज कोतवाली क्षेत्र में …
लखनऊ। विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर पूरे प्रदेश में आचार संहिता प्रभावी है। चुनाव में फंड जुटाने के लिए विभिन्न राजनीतिक संगठन तरह-तरह की जुगत भिड़ाने में लगे हुए हैं। वहीं जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है राजधानी में नगद बरामद होने के मामले भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को वजीरगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस व आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने कूड़े की प्लास्टिक की बोरी में 15 लाख रुपये नगद भरकर पैदल लेकर जा रहे एक युवक को धरदबोचा। पकड़े गये युवक बाजारखाला थानांतर्गत नौबस्ता निवासी अर्पित कश्यप ने बताया कि यह पैसा कारोबारी महानगर थानांतर्गत शालीमार गैलेंट निवासी राजेश नेमानी का है।
नगद के संबंधित कागजात न दिखा पाने के कारण आयकर विभाग ने रुपया जब्त कर लिया है। वहीं युवक को थाने में ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
कूड़े की तरह ले जा रहा था रुपये
मामले की जानकारी देते हुए वजीरगंज कोतवाली अंतर्गत ड्योढ़ी चौकी प्रभारी परमानंद सिंह ने बताया कि आचार संहिता के मद्देनजर आरईडी टीम के साथ मिलकर आगामीर ड्यौढ़ी चौराहे पर चेकिंग लगाई गई थी।
इसी दौरान मेडिकल चौराहे से मालगोदाम चौराहे की तरह एक युवक हाथ में बोरी लेकर पैदल जाता दिखा। पुलिस को देखते ही युवक बिदकने लगा और उल्टे पांव लौटने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। युवक के हाथ से बोरी लेकर चेक किया गया तो पुलिस की आंखें खुली की खुली रह गईं। बोरी में कूड़े की तरह 15 लाख रुपया नगद भरा हुआ था।
राजेश नेमानी की हैं कई फैक्ट्रियां
युवक ने बताया कि यह पैसा कारोबारी राजेश नेमानी का है और उसे यह पैसा तिलक नगर निवासी महेश नामक युवक ने दिया है। वह पैसा लेकर राजेश के पास ही जा रहा था। युवक पैसे के बारे में कोई और जानकारी नहीं दे सका और न ही कोई कागजात प्रस्तुत कर सका। वजीरगंज कोतवाली प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि राजेश नेमानी एक कारोबारी है और उसकी कई फैक्ट्रियां हैं।
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद : चाकू के साथ रिटायर्ड दरोगा का बेटा गिरफ्तार
