मुरादाबाद : सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, दिन भर कांपते रहे लोग
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को मौसम काफी सर्द हो गया है। दिन निकलने के साथ कोहरा और सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, दुकानों और घरों में लोग हीटर के सामने बैठे रहे। सड़कों पर कई जगह लोगों ने अलाव तापकर ठंड से राहत पाई। इतना ही तेज हवा के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को मौसम काफी सर्द हो गया है। दिन निकलने के साथ कोहरा और सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, दुकानों और घरों में लोग हीटर के सामने बैठे रहे। सड़कों पर कई जगह लोगों ने अलाव तापकर ठंड से राहत पाई। इतना ही तेज हवा के कारण टूटी बिजली के तारों के चलते बिजली की लुकाछीपी का भी सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम पांच और अधिकतम 13 डिग्री सेल्सियस पारा रहा।
ठंड को लेकर मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान सही साबित हो रहा है। पहाड़ों पर गिरी बर्फ पिघलने के कारण पश्चिमी विक्षोभ से चलने वाली हवा काफी सर्द हो गई। महानगरवासियों को जहां एक हफ्ते से सर्द हवा का सामना करना पड़ा, वहीं गुरुवार को मौसम के करवट बदलने और बूंदाबांदी ने ठिठुरन बढ़ा दी। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया था कि पश्चिमी विक्षोभ में बदलाव से बादल छाए रहेंगे। पूरे दिन ठिठुरन व गलन रहेगी। शीत लहर भी कुछ दिन बनी रहेगी।
ऑनलाइन डिलीवरी रही ठप
ठंड भरे मौसम और बारिश में परिवार को कुछ बाहर का खिलाने की चाहत भी दिन भर अधूरी ही रही, क्योंकि बारिश के कारण कई होटलों और रेस्टोरेंट की ऑनलाइन डिलिवरी दोपहर तीन बजे तक ठप रही।
