वसंत पंचमी आज, सामाजिक संस्था और शिक्षण संस्थानों में होगी विद्या की देवी की उपासना

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/अमृत विचार। वसंत पंचमी आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। अबूझ मुहूर्त के चलते शहर में जगह-जगह शादी समारोहों की रौनक बिखरेगी। मंदिरों में विशेष पूजा के साथ यज्ञोपवीत संस्कार होंगे। सामलीला मैदान में विशेष आयोजन होगा। घरों में विद्या की देवी की उपासना कर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। ज्योतिषाचार्य पंडित केदार …

मुरादाबाद/अमृत विचार। वसंत पंचमी आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। अबूझ मुहूर्त के चलते शहर में जगह-जगह शादी समारोहों की रौनक बिखरेगी। मंदिरों में विशेष पूजा के साथ यज्ञोपवीत संस्कार होंगे। सामलीला मैदान में विशेष आयोजन होगा। घरों में विद्या की देवी की उपासना कर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

ज्योतिषाचार्य पंडित केदार मुरारी के अनुसार हिंदू पंचांग के अनुसार माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि शनिवार की सुबह 3.49 बजे से रविवार सुबह 3.49 बजे तक पंचमी रहेगी। चार फरवरी से 7:10 बजे से शुरू हुआ सिद्ध योग शनिवार की शाम 5:40 तक रहेगा। फिर शनिवार शाम 5.41 बजे से साध्य योग रविवार शाम 4:52 बजे तक रहेगा। इस दिन रवि योग भी बन रहा है। ये त्रिवेणी योग छात्रों के लिए लिए विशेष शुभ सिद्ध होंगे। वसंत पंचमी माघ मास के शुक्ल पक्ष के पांचवें दिन यानी पंचमी तिथि को मनाई जाती है। मान्यता है कि विद्या की देवी सरस्वती का प्राकट्य इसी दिन हुआ था।

वसंत के आगमन की खुशी में सरसों के खेत में सेल्फी लेती युवतियां।

वसंत पंचमी के साथ ही ऋ तुराज वसंत का भी आगमन होता है। इस दिन विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा का विधान है। इस बार वसंत पंचमी, इसलिए भी बेहद शुभ मानी जा रही है, क्योंकि पंचमी तिथि पर त्रिवेणी योग बन रहा है। वसंत पंचमी पर सिद्ध, साध्य और रवि योग के त्रिवेणी योग में ज्ञान की देवी सरस्वती की पूजा की जाएगी।

कविताओं-पोस्टरों से बच्चों ने मोहा मन
वसंत पंचमी के उपलक्ष्य में बोनी एन पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विद्या की देवी पर कविता-पोस्टर प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर बेहतर प्रस्तुति देने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। सभी ने विद्या की देवी मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण किया एवं उनकी वंदना भी की। छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन कक्षाओं में कविताएं पढ़ीं। लेख, भाषणों की प्रस्तुति के अलावा अपने हाथों से चित्रित पोस्टर भी दिखाए। प्रधानाचार्या सुनीता भटनागर ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना की एवं खास अंदाज में सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने अमूल्य वोट को बेकार न करने की बात कही। इसमें सहयोग विनीता सिंह द्वारा दिया गया।

मांगलिक कार्यों एवं विवाह के लिए है मुहूर्त शुभ
वसंत पंचमी तिथि को विवाह के लिए अबूझ मुहूर्त माना गया है। इसी वजह से इस दिन बड़ी संख्या में शादियां होती हैं। विवाह के अलावा मुंडन समारोह, यज्ञोपवीत, गृह प्रवेश, वाहन खरीदना आदि शुभ कार्य किए जाते है।

रामलीला मैदान में संगीत की छटा बिखेरेंगी कल्पना पटवारी
पूर्वांचलवासी संस्था की ओर से वसंत पंचमी पर रामलीला मैदान में कार्यक्रम किया जाएगा। मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक शलभ माथुर रहेंगे। संगठन के अध्यक्ष विवेक ठाकुर ने बताया कि रामलीला मैदान में मां सरस्वती पूजा के साथ एक महायज्ञ किया जाएगा। इसमें 106 हवन कुंड पर वैदिक मंत्रों से हवन किया जाएगा। शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें मशहूर भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी शाम पांच बजे से अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा सवेरा कला केंद्र, पटना के कलाकार पूर्वांचल गौरव गान के माध्यम से आठ मिनट में पूर्वाचल की संस्कृति की झांकी दिखाएंगे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज