मुरादाबाद : प्रेम-प्रसंग के शक में हुई थी ट्रक चालक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/डिलारी/अमृत विचार। प्रेम-प्रसंग के शक में ट्रक चालक की हत्या करने वाले दो आरोपी भाइयों को डिलारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपी भाइयों ने हत्या करने की बात कबूल ली है। पुलिस ने …

मुरादाबाद/डिलारी/अमृत विचार। प्रेम-प्रसंग के शक में ट्रक चालक की हत्या करने वाले दो आरोपी भाइयों को डिलारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपी भाइयों ने हत्या करने की बात कबूल ली है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है। हत्या की यह वारदात एक जनवरी को डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम मासूमपुर में हुई थी।

गांव निवासी जगत सिंह खेती-किसानी करते हैं। उनके दो बेटे मोनू कुमार, मोंटी और तीन बेटियां कमलेश, कुसुम व नीतू थी। बेटा मोनू कुमार(21) पेशे से ट्रक चालक था। बुधवार को वह घर से शौंच जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद काफी देर तक घर नहीं आया। परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने मोनू की तलाश शुरू कर दी। घंटों तलाश करने के बाद उसकी जानकारी नहीं हो सकी। बुधवार की देर रात कुछ ग्रामीणों ने मोने का शव एक गेहूं के खेत में पड़ा देखा। उसके गले में मफलर लिपटा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए।

सूचना पर ठाकुरद्वारा सीओ अनूप कुमार और डिलारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। इस मामले में मृतक के भाई मोंटी ने गांव निवासी वसीम उसके भाई नसीम व फैजाब और पिता यामीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। परिजनों का कहना था कि मोनू काफी समय पहले वसीम का कैंटर चलाता था। जिस कारण उसका वसीम के घर आना-जाना था। बाद में वसीम व उसके भाइयों को शक हुआ कि मोनू का उनकी बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। चूंकि प्रेमिका दूसरे समुदाय की थी जिस कारण उसके भाइयों ने मोनू को नौकरी से निकाल दिया। साथ ही उसका मेहनताना भी नहीं दिया। इस संबंध में जब मोनू ने तगादा किया तो वसीम व उसके भाइयों ने जान से मारने की धमकी दी थी।

पहले छोड़ा फिर गिरफ्तार कर मोबाइल किया बरामद
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए नामजद भाइयों को हिरासत में ले लिया था। हालांकि कई घंटे पूछताछ के बाद पुलिस ने उनको छोड़ दिया। इसकी जानकारी जब मृतक के परिजनों को हुई तो वह भड़क गए। हंगामा करने के साथ ही थाने का घेराव करने की चेतावनी दे डाली। माहौला गर्माया तो गांव में फोर्स तैनात करने के साथ ही पुलिस ने आनन-फानन में शुक्रवार की रात दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं उनकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल व जूते भी बरामद कर लिए। सीओ ठाकुरद्वारा डा. अनूप सिंह के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी भाई नसीम व वसीम हैं। पूछताछ में दोनों ने बहन से प्रेम-प्रसंग होने का शक होने पर मोनू की हत्या करने की बात भी कबूल ली है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।

 

संबंधित समाचार