बरेली: चिट्ठी भेजकर प्रवक्ता से मांगी दो लाख की रंगदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इंटर कॉलेज के प्रवक्ता के घर गुमनाम चिट्ठी भेजकर दबंगों ने पहले दो लाख रुपयों की मांग की। इसके बाद रुपये न देने पर प्रवक्ता को जान से मारने व पुलिस से शिकायत करने पर सपरिवार मारने की धमकी दी है। प्रवक्ता ने सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शांति विहार …

बरेली, अमृत विचार। इंटर कॉलेज के प्रवक्ता के घर गुमनाम चिट्ठी भेजकर दबंगों ने पहले दो लाख रुपयों की मांग की। इसके बाद रुपये न देने पर प्रवक्ता को जान से मारने व पुलिस से शिकायत करने पर सपरिवार मारने की धमकी दी है। प्रवक्ता ने सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शांति विहार स्थित होली चौक वाली गली निवासी मुन्नेश कुमार अग्निहोत्री सिविल लाइंस स्थित विशप मंडल इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं। वह उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री भी हैं। दो दिन पहले उन्हे धमकी भरा पत्र मिला। पुलिस से की शिकायत में उन्होंने बताया कि 3 फरवरी की सुबह सोकर उठने के बाद जब वह गेट पर अखबार लेने पहुंचे तो वहां उन्हें एक पीला लिफाफा रखा हुआ मिला। लिफाफे में एक चिट्ठी थी जिसमें उनसे दो लाख रुपये की मांग की गई थी।

साथ ही रकम न देने पर उन्हें जान से मारने और पुलिस से शिकायत करने पर घर में घुसकर परिवार सहित गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। साथ ही चिट्ठी में आरोपी द्वारा देर रात 12 बजे बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर की बेंच पर रुपयों का थैला रखकर वापस लौटने की हिदायत भी दी गई थी। चिट्ठी मिलते ही पूरा परिवार डर से सहम गया, कॉलेज प्रवक्ता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

एक ट्रांसपोर्टर को भी कुछ इसी तरह मिली थी धमकियां
इस तरह की धमकियों का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ माह पहले इज्जतनगर क्षेत्र के रहने वाले एक ट्रांसपोर्टर को भी इसी तरह की धमकियों भरे पत्र मिले थे। उनके घर के दरबाजों व छत पर भी चिट चिपकी मिली थीं। जिसमें उनसे लाखों की रकम की मांग करते हुए उन्हें व उनकी पत्नी और बेटी को जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। मामले में इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच भी शुरू की थी।

वर्जन– मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
– सत्येंद्र भड़ाना, इंस्पेक्टर, सुभाषनगर

संबंधित समाचार