मुरादाबाद : वाहन की टक्कर से बाइक सवार फर्मकर्मी की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवकी की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की बहन की 10 फरवरी को बारात आनी थी। युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवकी की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की बहन की 10 फरवरी को बारात आनी थी। युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने युवक का शव परिजनों को सौंप दिया।
मझोला थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार सेक्टर 6बी निवासी 30 वर्षीय नितिन नंदन कटारा कांठ रोड स्थित एक फर्म में नौकरी करता था। परिवार में मां राजकुमारी कटारा, पिता प्रेम प्रकाश कटारा, बड़ा भाई सुमित कटारा और बहन आकांक्षा कटारा हैं। पिता प्रेमप्रकाश ने बताया कि नितिन अभी अविवाहित था। उन्होंने बेटी आकांक्षा का रिश्ता धामपुर में तय किया था। शादी की तारीख 10 फरवरी निश्चित हुई थी।
पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। हर तरफ खुशी का माहौल था। सभी खरीदारी और अन्य कामों में मशगूल थे। कार्ड बंट चुके थे। इकलौती बेटी की शादी को लेकर माता-पिता के साथ दोनों भाई भी बेहद उत्साहित थे। प्रेमप्रकाश के अनुसार रविवार रात नितिन अपने दोस्त अजय के साथ फर्म से घर लौट रहा था। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अगवानपुर में उनकी बाइक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बेहतर उपचार के लिए पुलिस ने ही नितिन को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां थोड़ी देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। पिता प्रेम प्रकाश ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दी। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंच गए। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
