रामपुर: चुनाव में 20 हजार से अधिक पुलिस-अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात होंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े बंदोबस्त शुरू कर दिए हैं। मतदान से दो दिन पहले जिले में 20 हजार पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान पहुंच जाएंगे जोकि मतदान संपन्न कराने के बाद यहां से जाएंगे। 37 गांवों को संवेदनशील की श्रेणी …

रामपुर, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े बंदोबस्त शुरू कर दिए हैं। मतदान से दो दिन पहले जिले में 20 हजार पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान पहुंच जाएंगे जोकि मतदान संपन्न कराने के बाद यहां से जाएंगे। 37 गांवों को संवेदनशील की श्रेणी में चिन्हित किया गया है।

इन गांवों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मतदान के दिन यहां खास निगाह रखी जाएगी। खुराफात रोकने के लिए 49 हजार लोगों को विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ और एसपी अंकित मित्तल खुद गांव गांव चौपाल लगाकर शांति व्यवस्था कायम करने की अपील करने जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से जो सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है, इसके तहत जिले में मतदान दिवस के दौरान 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात होंगे और प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों के साथ-साथ ऐसे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग जिन्हें रेड कार्ड जारी किया गया है।

अथवा 107/16 के अंतर्गत कार्यवाही की गई है, उन पर विशेष नजर रहेगी। जिले में 49 हजार ऐसे लोग चिन्हित किए गए हैं जोकि पिछले 10 वर्षों में किसी न किसी झगड़ा अथवा विवादों में संलिप्त रहे हैं। चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित कराने के नजरिए से उन पर भी निगरानी रखी जा रही है। जनपद के 37 गांव ऐसे हैं।

जिन्हें संवेदनशील श्रेणी के अंतर्गत चयनित किया गया है, साथ ही 25 गांव ऐसे भी हैं जहां पिछले तीन सालों में एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। तीन सालों से शांतिपूर्ण माहौल वाले गांवों से अन्य गांवों के लोगों को सीख लेनी चाहिए तथा शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

पैरामिलिट्री फोर्स के कब्जे में रहेगा उत्तराखंड बार्डर
रामपुर जिले की सीमा से उत्तराखंड बार्डर कई किलो मीटर के दायरे में जुड़ा हुआ है। इसके लिए विशेषतौर पर निगरानी बनाए रखने के लिए मतदान के दिन पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात करने की तैयारी है। बिलासपुर, मिलकखानम, स्वार और टांडा दढ़ियाल के बार्डर पर चेकिंग भी की जाएगी, बेरियर बनाए जा रहे हैं। वाहनों की लगातार चेकिंग भी की जा रही है।

खुराफातियों को रेड, सहयोगियों को ग्रीन कार्ड जारी
पुलिस प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था को खतरा उत्पन्न करने वाले लोगों को रेड कार्ड जारी किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संभ्रांत जनों को ग्रीन कार्ड प्रदान करके सम्मानित भी किया जा रहा है। बड़ी संख्या में रेडकार्ड जारी किए गए हैं। अपराधिक तत्वों को जोकि किसी न किसी वारदात में शामिल रहे हैं, या जेल से छूटकर आए हैं, पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

चुनाव के मद्देनजर पूरे जिले में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बलों के 20 हजार जवानों की तैनाती मतदान के दिन रहेगी। मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। —रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी

 

संबंधित समाचार