अयोध्या रीजन की 131 बसें चुनाव ड्यूटी पर, यात्री बेबस… डग्गामार वाहन उठा रहे फायदा
अयोध्या। अयोध्या रीजन की 131 रोडवेज बसें चुनाव में लग जाने के बाद सोमवार से यात्रियों को खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। बस अड्डे पर घंटों खड़े रहने के बाद लोगों को बसें मिल रही हैं। डग्गामार वाहन इसका फायदा उठा रहे हैं। मंगलवार को यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए …
अयोध्या। अयोध्या रीजन की 131 रोडवेज बसें चुनाव में लग जाने के बाद सोमवार से यात्रियों को खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। बस अड्डे पर घंटों खड़े रहने के बाद लोगों को बसें मिल रही हैं। डग्गामार वाहन इसका फायदा उठा रहे हैं। मंगलवार को यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए अच्छी कसरत करनी पड़ी। दिन-भर इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ लोगों ने तो सरकारी सिस्टम पर सवालिया निशान भी खड़े किए।

विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होना है। इसके लिए अयोध्या रीजन की 131 बसों को चुनाव ड्यूटी में भेजा गया है। अयोध्या रोडवेज आरएम एसपी सिंह ने बताया कि रीजन में अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर भी आता है। इनमें कुल 327 बसें हैं, जिसमें से 48 बसें अनुबंधित हैं। चुनाव कराने के लिए 131 बसों को उतारा गया है। अयोध्या बस अड्डे पर अनुबंधित को मिलाकर कुल 123 बसें हैं।
यहां से 38 बसें चुनाव कराने के लिए भेजी गई है। इधर, बसों के जाने के बाद से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। काफी देर तक बसें न मिलने के बाद लोगों ने प्राइवेट वाहन या फिर डग्गामार वाहनों का प्रयोग किया। गोरखपुर परिवार के साथ जा रहे अवधेश त्रिपाठी ने बताया कि दो घंटे बाद बस मिली है। बहुत ही परेशानी हुई। आरती ने बताया कि मुझे तत्काल लखनऊ जाना था। सरकारी बस न नहीं मिल रही है। प्राइवेट गाड़ियों से जाना पड़ रहा है।
25 हजार यात्री पहुंचते हैं बस अड्डे पर
आरएम एसपी सिंह ने बताया कि अयोध्या बस अड्डे से रोजाना 25 हजार यात्री सफर करते हैं। यहां से लखनऊ, गोरखपुर, बस्ती, प्रयागराज व वाराणसी व दिल्ली के लिए बसें निकलती हैं। चुनाव ड्यूटी में बसों के जाने के बाद 85 बसें बची हैं। थोड़ा बहुत दिक्कत हो रही है।
यह भी पढ़ें:-2008 में अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार धमाकों के मामले में 49 दोषी करार, 28 बरी
