उत्तराखंड की सात विधानसभाओं में नकदी और शराब खपाने का खेल जोरों पर, ऐसे हुआ खुलासा
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए महज छह दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में राजनीतिक पार्टियों और उनके उम्मीदवारों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदारों ने पूरी ताकत झौंक दी है। बर्फबारी हो या फिर बारिश, हर चुनौती को पार कर प्रत्याशी जनता को लुभाने घर-घर पहुंच रहे हैं। ऐसे में चुनाव आयोग …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए महज छह दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में राजनीतिक पार्टियों और उनके उम्मीदवारों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदारों ने पूरी ताकत झौंक दी है। बर्फबारी हो या फिर बारिश, हर चुनौती को पार कर प्रत्याशी जनता को लुभाने घर-घर पहुंच रहे हैं। ऐसे में चुनाव आयोग के रडार पर प्रदेश की सात हाईप्रोफाइल विधानसभा सीटें आई हैं जहां चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार धनबल का खेल कर सकते हैं। वहीं, बीते 2017 विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में अब तक चुनाव आयोग दोगुनी रकम और शराब की बरामद हो चुकी है।
वोटर को रिझाने के लिए रुपए और शराब का खेल
विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार वोटरों को रिझाने के लिए रुपए और शराब देने की कोशिश कर रहे हैं। इस बात की पुष्टि चुनाव आयोग की अब तक हुई कार्रवाई से हुई है। इस बार अब तक 12 करोड़ 27 लाख रुपये कीमत की शराब व कैश बरामद किया जा चुका है। इनमें साढ़े तीन करोड़ कैश, तीन करोड़ दस लाख रुपये कीमत की शराब, चार करोड़ 70 लाख रुपये कीमत की ड्रग्स और करीब 24 लाख कीमत के गहने शामिल हैं। अभी छह दिन का समय बाकी है, जिससे यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि चुनाव आयोग ने अपने सर्वे के बाद इन सभी सात विधानसभा सीटों को धनबल के इस्तेमाल की प्रबल संभावना मानते हुए चिन्हित किया है। उन्होंने बताया कि इनमें कुमाऊं की सितारगंज, काशीपुर, बाजपुर, हल्द्वानी और लालकुआं सीट शामिल हैं, जबकि गढ़वाल मंडल की चकराता और हरिद्वार विधानसभा सीटें शामिल हैं।
हाई प्रोफाइल सीटों पर यह हैं प्रत्याशी
सितारगंज विधानसभा में पूर्व सीएम विजय बहुगुणा का बेटे सौरभ बहुगुणा, बाजपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, लालकुआं में पूर्व सीएम हरीश रावत, चकराता में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, हरिद्वार में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, हल्द्वानी में पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. इंदिरा हृदयेश के बेटे सुमित हृदयेश और काशीपुर में हरभजन सिंह चीमा के बेटे त्रिलोक सिंह चीमा चुनाव मैदान में उतरे हैं।
2017 के मुकाबले दोगुना कैश व शराब बरामद
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि पिछले साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में महज 6 करोड़ 85 रुपये कीमत की शराब व कैश पकड़े थे। हालांकि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में 7 करोड़ 31 लाख रुपए जब्त किए गए थे। वहीं, इस बार अभी तक 12 करोड़ 27 लाख रुपए के कीमत की शराब और नकदी बरामद की जा चुकी है। जिनमें 3-5 करोड़ कैश, तीन करोड़ दस लाख रुपये कीमत की शराब, चार करोड़ 70 लाख रुपए कीमत की ड्रग्स और लगभग 24 लाख कीमत के गहने शामिल हैं।
