भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है, सपा एक परिवार व कांग्रेस भाई-बहन की पार्टी : जेपी नड्डा
सीतापुर/बिसवां। जिले में चौथे चरण में होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए महौल बनाने आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दो जगह कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने पहले बिसवां और फिर मछरेहटा के रामलीला मैदान में जनसभाएं कीं। अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने सपा से कई अन्य …
सीतापुर/बिसवां। जिले में चौथे चरण में होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए महौल बनाने आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दो जगह कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने पहले बिसवां और फिर मछरेहटा के रामलीला मैदान में जनसभाएं कीं। अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने सपा से कई अन्य राजनैतिक दलों पर तंज कसे। उन्होंने बिसवां में भाजपा प्रत्याशी निर्मल वर्मा के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कहा पूर्व की अखिलेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल में 20 दंगे हुए थे, लेकिन योगी सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि योगी सरकार में दंगाइयों की जगह जेल है।
जेपी नड्डा ने आजम खान पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगो में दोहियों को आजम खान के कहने पर बचाने का प्रयास किया गया। आरोपियों को अखिलेश ने अपने घर बुलाकर खातिर की। कैराना के दंगे में 60 परिवार पलायन को मजबूर हुए, लेकिन योगी सरकार में वही परिवार आज पुनः वापस अपने घर में खुशहाली का जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने ने सवालिया लहजे में कहा कि अखिलेश यादव से पूछता हूं कि 2007 में गोरखपुर में बम ब्लास्ट व रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले के मुख्य आरोपी का मुकदमा वापस लेने को उन्होंने और आजम खां ने क्यों कहा? इसके बदले में इन्हें सुप्रीम कोर्ट ने फटकारा और आरोपियों को आजीवन कारावास व चार आरोपी को मौत की सजा भी सुनाई थी।

जेपी नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी सिर्फ भाजपा है। बाकी पार्टियां वंशवाद, परिवारवाद, जातिवाद तक ही सीमित हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर विकास के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सिर्फ एक परिवार की पार्टी है और कांग्रेस सिर्फ भाई बहन की पार्टी बची है। ये लोग जाति के आधार पर वोट मांग रहे है, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वाश के बल पर वोट मांगती है। उन्होंने कहा कि हमने कभी जाति धर्म देखकर विकास नहीं किया। हमने सर्वधर्म को लेकर आमजन को योजनाओं का लाभ दिया है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो गरीब, पिछड़ा, दलित, शोषित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है।
विकास के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के द्वारा पीएम आवास योजना के तहत एक करोड़ 76 लाख गरीबों को पक्के मकान बनवाये गए। जिनमें से जनपद सीतापुर में दो लाख पक्के मकान बनवाये गए हैं, इसके साथ ही उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना की खूबियां भी उन्होंने गिनवाई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज लखनऊ में अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी आयुष विश्वविद्यालय खोले गए हैं। यूपी पहला पांच इन्टरनेशनल एअरपोर्ट वाला राज्य बन गया है। यहां एशिया का सबसे बड़ा एअरपोर्ट जेवर में बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कहा कि हमने एक्सप्रेसवे से पूरे प्रदेश को जोड़ दिया है। यही विकास की गंगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी बड़े शहरों में मेट्रो का संचालन किया जायेगा।
बिसवां का भी हो रहा विकास
जेपी नड्डा ने बिसवां से जुड़े विकास के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि यहां 132 केवी का पॉवर स्टेशन बनाया गया है। 150 करोड़ जल जीवन मिशन के लिए आवंटित है। बिसवां से सिधौली तक सड़क का चौरीकरण प्रस्तावित है। सिर्फ बिसवां में 176 हेल्थ के सब सेंटर खुल रहे हैं। भाजपा के संकल्प पत्र के बारे में कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र जनकल्याणकारी योजनाओं का संकल्प है। इसमें उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त, माफिया मुक्त, आतंकवादियों को संरक्षण देने वालों से मुक्त रखने का संकल्प है।
जनसभा में यह रहे मौजूद
बिसवां में आयोजित भाजपा की जनसभा को सांसद राजेश वर्मा, विधायक महेंद्र सिंह यादव, भाजपा प्रत्याशी निर्मल वर्मा, पूर्व विधायक रामपाल यादव, जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने भी संबोधित किया कार्यक्रम का संचालन विश्राम सागर राठौर ने किया। इससे पूर्व भाजपा नेताओं ने फूल माला पहनाकर मुख्य अतिथि जेपी नड्डा का स्वागत किया। अंत में प्रत्याशी निर्मल वर्मा ने आये हुए लोगो को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत मेहरोत्रा, कुंवर दिनकर प्रताप सिंह, कंचन प्रभा पाण्डेय, पालिकाध्यक्ष सीमा जैन समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मछरेहटा में आयोजित कार्यक्रम में भी मिश्रिख सांसद आशोक रावत, मिश्रिख विधायक व भाजपा प्रत्याशी रामकृष्ण भार्गव सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-भाजपा के ‘नीट’ समर्थक रुख के विरोध में एक व्यक्ति ने राज्य मुख्यालय पर पेट्रोल बम फेंके
