मुरादाबाद : छह सीटों पर मतदान के लिए 13 को होगी पोलिंग पार्टियों की रवानगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में 14 फरवरी को छह विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान की तैयारी अंतिम चरण में है। अधिकारी 13 फरवरी को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के इंतजाम में लगे हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार मैदान पर मतदान केंद्रों पर जाने वाली टीमों की रवानगी के प्रबंध पूरा …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में 14 फरवरी को छह विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान की तैयारी अंतिम चरण में है। अधिकारी 13 फरवरी को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के इंतजाम में लगे हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार मैदान पर मतदान केंद्रों पर जाने वाली टीमों की रवानगी के प्रबंध पूरा करने में कर्मचारी और अधिकारी जुटे रहे। मतदान के लिए प्रयोग किए जाने वाले अधिगृहीत वाहनों में जीपीएस लगाया गया।

जिससे मतदान के दिन टीमों की लोकेशन ट्रेस हो सके। मैदान पर बैरिकेडिंग कर विधानसभा वार टीमों की रवानगी के लिए पंडाल लगाए जा रहे हैं। 2667 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले में 11760 कार्मिक मुख्य भूमिका में और 1240 रिजर्व बेंच में रहेंगे। मतदान कार्मिकों को रवानगी के दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार मेडिसिन किट भी दी जाएगी। इसमें सामान्य बीमारियों जैसे सर्दी, बुखार, जुकाम, पेटदर्द, प्राथमिक उपचार किट आदि दी जाएगी। हर बूथ पर एक मेडिसिन किट पीठासीन अधिकारी के पास उपलब्ध रहेगी।

रिटर्निंग अधिकारी की उपस्थिति में टीमों की रवानगी बुद्धि विहार और नवीन मंडी स्थल मझोला से विधानसभा वार होगी। मुख्य विकास अधिकारी और कार्मिक प्रभारी आनंद वर्धन ने बताया कि मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्रशिक्षण में दी जा चुकी है। मतदान के दौरान कार्मिकों को पूरी निष्ठा और गंभीरता से आयोग के नियमों का पालन के साथ कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन करना होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विधानसभा वार तय स्थान से ही समस्त मतदान सामग्री और ईवीएम लेकर अपने निर्धारित वाहन संख्या से ही कार्मिकों को बूथ पर पहुंचना होगा। किसी भी मनमानी और लापरवाही बरतने पर कारवाई होगी।

संबंधित समाचार