लखनऊ: बीबीएयू में शिक्षक और उप कुलसचिव के बीच हुई मारपीट, केस दर्ज
लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शुक्रवार को वरिष्ठ शिक्षक और उप कुलसचिव के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों को ही गंभीर चोटें आई है। इस घटना से प्रशासनिक भवन में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना को लेकर परिसर में शिक्षकों के अलावा विद्यार्थियों में भी तनाव है। हालांकि दोनों ही …
लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शुक्रवार को वरिष्ठ शिक्षक और उप कुलसचिव के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों को ही गंभीर चोटें आई है। इस घटना से प्रशासनिक भवन में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना को लेकर परिसर में शिक्षकों के अलावा विद्यार्थियों में भी तनाव है। हालांकि दोनों ही पक्षों ने आशियाना थाने में तहरीर दी है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार दोपहर में प्रो. कमान सिंह अम्बेडकर भवन में वित्त अधिकारी प्रो. सनातन नायक से मिलने गए थे। वहां पर सबसे पहले प्रो. नायक से ही उनकी बहस हुई थी। इसके बाद वह कुलपति प्रो. संजय सिंह को जानकारी देने गए थे। इसी बीच प्रो. कमान सिंह दोबारा उनके कमरे में गए। वहां पर उप कुलसचिव आशीष रस्तोगी सहित अन्य कई अन्य लोग बैठे हुए थे। प्रो. सिंह ने अपने कुछ बिलों का भुगतान नहीं होने की बात कही। यह बिल करीब दो वर्ष पुराने थे। इस पर आशीष रस्तोगी ने उनसे कहा कि बिल का भुगतान तभी होगी, जब इसकी स्वीकृति मिल जाएगी।
इसको लेकर दोनो के बीच कहासुनी हुई। सूत्रों के अनुसार पहला हाथ प्रो. कमान ने उठाया। इसके बाद दोनो के बीच हाथापाई होने लगी। वहां पर मौजूद लोग जब तक समझ पाते तब तक दोनों ही को गंभीर चोट पहुंच चुकी थी। इस पर उप कुलसचिव का कहना है कि प्रो. कमान सिंह ने अचानक हमला कर दिया। इसमें उनकी आंख व शरीर के अन्य अंगों पर चोट पहुंची है। वहीं प्रो. कमान सिंह का कहना है कि उप कुलसचिव ने ही उन पर हमला किया है। उन्हें सिर से लेकर पैर तक काफी अंदरूनी चोट आई है। घटना के बाद प्रो. कमान सिंह समर्थक विद्यार्थियों और शिक्षकों में तनाव है।
प्रो. कमान ने परेशान करने का लगाया आरोप
यह पूरा विवाद प्रो. कमान सिंह के कुछ भुगतानों को लेकर है। एलटीसी और 12 लाख की गोष्ठी की फाइल उप कुलसचिव (वित्त) के स्तर पर फंसी हुई है। प्रो. कमान सिंह ने बीते दिनों कई वरिष्ठ अधिकारियों पर विश्वविद्यालय की सम्पत्ति का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए थे। कुलपति को भेजे गए पत्र में रिकवरी के लिए लिखा था। प्रो. कमान सिंह का कहना है कि इसके चलते उन्हें परेशान किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि उन्होंने इसके लिए कोई पैसा नहीं दिया है इसलिए उनकी फाइल दबाई जा रही है। उधर, उप कुलसचिव वित्त आशीष रस्तोगी का आरोप हैं कि प्रो. कमान सिंह काफी समय से जबरन फाइल पास कराने का दवाब बना रहे थे।
शिकायत कराई दर्ज
प्रो. कमान सिंह ने इस घटना की शिकायत कुलपति प्रो. संजय सिंह से की है। वहीं एक छात्रनेता ने प्रो. कमान सिंह के समर्थन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखा है और कार्रवाई की मांग की है।
इस पूरे मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कुलसचिव से बात हुई है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले पर एक विभागीय जांच समिति बना दी गई है। मामले के बारे में विश्वविद्यालय की तरफ से भी पुलिस को सूचना दी गई है…डॉ. रचना गंगवार, प्रवक्ता, बीबीएयू।
मामला दर्ज, जांच कर की जाएगी कार्रवाई : प्रभारी निरीक्षक
आशियाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यूनिवर्सिटी के वित्त अधिकारी आशीष रस्तोगी ने सहकर्मी श्यान सिंह के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने मामला दर्ज कराया है। आशीष रस्तोगी का आरोप है कि वे वित्त अधिकारी के कार्यालय में बैठकर काम कर रहे थे। तभी श्यान से आये और चरित्र पर इल्जाम लगाते हुए गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में जांच करके आगे की कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें:-शाहजहांपुर: भाजपा की सरकार में माफियाओं की हेकड़ी निकल गई-अमित शाह
