अमरोहा : अवैध संबंध में महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
हसनपुर/अमरोहा/अमृत विचार। अवैध संबंध का विरोध करने पर अधेड़ ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर में हनीफ की पत्नी फिरोज शौकीन कुरैशी के मकान में किराये पर रह रही …
हसनपुर/अमरोहा/अमृत विचार। अवैध संबंध का विरोध करने पर अधेड़ ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर में हनीफ की पत्नी फिरोज शौकीन कुरैशी के मकान में किराये पर रह रही थी। बताया जाता है कि हनीफ चोरी के मुकदमे में जेल में बंद है।
शनिवार की रात फिरोज बच्चों के साथ घर में सो रही थी। तभी दूर का रिश्तेदार अली हसन घर में घुस आया तथा महिला से जोर जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने फिरोज के गाल से तमंचा सटाकर गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया जाता है कि अली हसन का हनीफ के मुकदमे को लेकर घर आना-जाना था। इस दौरान अलीहसन के फिरोज से अवैध संबंध बन गये थे। पुलिस ने आरोपी को आगापुर मार्ग से तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी पीके चौहान ने बताया कि सिहाली जागीर में महिला की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
बेसहारा हुए फिरोज के बच्चे
गोली मारकर मौत के घाट उतारी गई महिला के सात बच्चे हैं। उसका सबसे छोटा बच्चा मात्र छह माह का है। जबकि, पिता चोरी के मामले में जेल में बंद है। मां की हत्या के बाद सातों बच्चे पूरी तरह से बेसहारा हो गए हैं।
