लखनऊ: चुनावों को देखते हुए पुलिस हुई अलर्ट, बाहर से आने वाले वाहनों का दर्ज होगा रिकॉर्ड
लखनऊ। विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हैं। प्रथम चरण का मतदान हो चुका है। वहीं 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान है। 23 फरवरी को राजधानी समेत कई जिलों में तीसरे चरण का मतदान होगा। ऐसे में पुलिस की ओर से आचार संहिता को लेकर सख्ती बढ़ाने की तैयारी …
लखनऊ। विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हैं। प्रथम चरण का मतदान हो चुका है। वहीं 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान है। 23 फरवरी को राजधानी समेत कई जिलों में तीसरे चरण का मतदान होगा। ऐसे में पुलिस की ओर से आचार संहिता को लेकर सख्ती बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। अब राजधानी में बाहर से आने वाले वाहनों के अलग से रिकॉर्ड दर्ज किये जाएंगे।
चेकपोस्ट पर करनी होगी इंट्री
मिली जानकारी के अनुसार आचार संहिता के मद्देनजर राजधानी में दूसरे जिलों से जोड़ने वाली कुल 19 सीमाओं पर अंतर्जिला चेकपोस्ट बनाई गई हैं। जहां तीन पालियों में पुलिस की टीमें तैनात कर बाहर से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पर अब चेकपोस्ट पर एक इंट्री रजिस्टर भी रखा जायेगा। बाहरी जिलों या राज्यों से आने वाले वाहनों का इस रजिस्टर में पूरा रिकॉर्ड अंकित किया जायेगा।
लगातार पकड़ा जा रहा नगद
आचार संहिता को लेकर चुनाव आयोग ने 50 हजार से अधिक नगद लेकर चलने पर रोक लगाई है। इसे लेकर राजधानी में थाना स्तर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वहीं चुनाव की तिथि करीब आने के साथ ही राजधानी में वाहन चेकिंग के दौरान नगद मिलने के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं।
चुनाव को लेकर राजधानी समेत पूरे प्रदेश में थाना स्तर पर वाहनों की चेकिंग करने का आदेश दिया गया है। वहीं सीमाओं पर बनी चेकपोस्ट पर बाहर से आने वाले वाहनों की जांच करने के साथ उनका रिकॉर्ड अंकित करने का निर्देश दिया गया है।
-प्रशांत कुमार, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर
यह भी पढ़ें: पीलीभीत: सीसीटीवी फुटेज में कैद मिली संदिग्ध की तस्वीर, चेहरा साफ नहीं
