पीलीभीत: जेठ पर गहराया शक, निकल रहा जमीनी विवाद
पीलीभीत,अमृत विचार। महिला कोटेदार की गला दबाकर हत्या करने के मामले में तीन दिन से चल रही पुलिस की छानबीन के बाद उसके ही जेठ पर शक गहरा गया है। हत्या के पीछे पुराना जमीन का विवाद ही मुख्य वजह के तौर पर सामने आया है। अब घटना किस तरह से अंजाम दी गई। इसके …
पीलीभीत,अमृत विचार। महिला कोटेदार की गला दबाकर हत्या करने के मामले में तीन दिन से चल रही पुलिस की छानबीन के बाद उसके ही जेठ पर शक गहरा गया है। हत्या के पीछे पुराना जमीन का विवाद ही मुख्य वजह के तौर पर सामने आया है। अब घटना किस तरह से अंजाम दी गई। इसके बारे में पुलिस की टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। अगर, दिशा सही रही तो पुलिस जल्द खुलासा करने में कामयाब हो सकेगी।
अमरिया थाना क्षेत्र के तिरकुनिया नसीर गांव की रहने वाली कोटेदार नाजिया बेगम की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसके पति की दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। घटना की रात वह घर पर अकेली थी। मृतका के भाई की तहरीर पर अमरिया पुलिस ने हत्या कर साक्ष्य मिटाने की धाराओं में एक महिला समेत चार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी।
जिसके बाद से पुलिस की तीन टीमें सुरागरसी में लगी हुई है। सर्विलांस की मदद ली गई। वहीं, आसपास के मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक की गई थी। मगर, इनसे कुछ खास नहीं मिल सका था। हत्या के बाद से ही ग्रामीण और परिचित जेठ से चल रहे जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जता रहे थे।
पुलिस ने भी इस दिशा में छानबीन तेज कर दी है। जिसमें अभी ठोस साक्ष्य भले न मिल सके हो, लेकिन जमीन को लेकर विवाद की भी जानकारी लगभग स्पष्ट हो चुकी है। कोटेदार ने अपने भतीजे और भतीजी को अपने साथ रख लिया था। यह भी पता लगा है कि करीब पांच बीघा जमीन के विवाद की कई बार पंचायत भी हो चुकी थी।
जिसे जेठ ने अपने कब्जे में ले रखा था, मगर कोई लिखापढ़ी जमीन की नहीं हो सकी थी। ऐसे में पुलिस को लगता है कि इसी विवाद में हत्या की गई होगी। जेठ को दर्ज कराई गई एफआईआर में भी नामजद किया गया है। फिलहाल पुलिस की जांच की दिशा इसी पर तेज होने से जेठ की दिक्कत बढ़ने और जल्द खुलासे के कयास लगाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
कानपुर: जेवर देखने के बहाने टप्पेबाज ने पार की दो अंगूठियां, शिकायत दर्ज
