सीतापुर: खेत में गन्ने का अगौरा काटने से मना करने पर युवक को दबंगों ने लाठियों से पीटकर मार डाला
सीतापुर। जिले के हरगांव इलाके में शनिवार की दोपहर एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने खेत में बिना इजाजत गन्ने का अगौरा काटने से दबंगों को मना किया था। इसी बात पर उसकी पिटाई कर दी गई। युवक को मरणासंन्न हालत में …
सीतापुर। जिले के हरगांव इलाके में शनिवार की दोपहर एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने खेत में बिना इजाजत गन्ने का अगौरा काटने से दबंगों को मना किया था। इसी बात पर उसकी पिटाई कर दी गई। युवक को मरणासंन्न हालत में सीएचसी ले जाया गया।
जहां डाक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर मृतक के पिता ने गांव के ही पिता, पुत्र व भाई सहित एक ही परिवार के तीन लोगों को नामजद किया है। एसओ का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हमलावरों ने मृतक अमित को मरणासन्न् कर दिया और भाग खड़े हुए
हरगांव थाना क्षेत्र के सरइयां मजरा सलारपुर गांव निवासी अमित वर्मा 26 पुत्र हरिशंकर वर्मा गांव के उत्तर स्थित अपने खेत में शनिवार को गन्ने की फसल देखने गया था। जहां बिना बताये उसके खेत में गांव का ही श्रवण, उसका पुत्र दीपक व भाई विजय गन्ने का अगौरा काटते हुए मिल गए।
इस पर अमित ने इन लोगों को अगौरा काटने से मना किया। इस पर अगौरा काट रहे लोग नाराज हो गए। कहा-सुनी के बाद इन लोगों ने हमला कर दिया। बताते हैं कि हमलावरों ने अमित को लाठी-डंडों से पीटकर सड़क पर ही मरणासन्न करके डाल दिया और भाग निकले।
परिजनों ने दबंगों के खिलाफ दी तहरीर
जानकारी होने पर परिवार व गांव के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से जख्मी अमित को सीएचसी हरगांव ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर मृतक के पिता ने उक्त आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की गई है। अमित को गंभीर हालत में सीएचसी हरगांव ले जाया गया था। जहां उसे मृत घोषित किया गया है। उनका कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मामले को सुसंगत धाराओं में दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: बलिया: दिव्यांगजनों और वृद्धों ने मतदान के लिए कसी कमर, घर से वोट का चुना विकल्प
