पीलीभीत: ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पलटा गन्ने का ओवरलोड ट्रक, एक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। बरेली हाईवे पर खरऊआ गांव के पास गन्ने का ओवरलोड ट्रक ट्रैक्टर-ट्रॉली के ऊपर पलट गया। ट्रैक्टर ट्रॉली सवार गन्ने की फांदियों के नीचे दब गए। एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएसबी के जवानों की मदद से गन्ने की फांदियां हटाकर घायलों को …

पीलीभीत, अमृत विचार। बरेली हाईवे पर खरऊआ गांव के पास गन्ने का ओवरलोड ट्रक ट्रैक्टर-ट्रॉली के ऊपर पलट गया। ट्रैक्टर ट्रॉली सवार गन्ने की फांदियों के नीचे दब गए। एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएसबी के जवानों की मदद से गन्ने की फांदियां हटाकर घायलों को निकाला गया और जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जहानाबाद थाना क्षेत्र के ललौरीखेड़ा गांव निवासी नंदराम का 27 वर्षीय पुत्र परमवीर मजदूरी करता था। शनिवार को वह फैक्ट्री से राख ले जाने के काम में मजदूरी पर गया था। गांव के ही रमेश और हरि सिंह भी साथ गए थे। दोपहर बाद तीनों ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर वापस जा रहे थे। बरेली हाईवे पर खरुआ गांव के पास पहुंचते ही गन्ने का ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पर पलट गया। जिसके बाद गन्ने की फांदियों में सभी मजदूर दब गए। हादसे के बाद हड़कंप मच गया।

नजदीक में ही एसएसबी का कमांडेंट कार्यालय है। वहां से कमांडेंट सुनील सिंह रावत, उप कमांडेंट अमनदीप सिंह, इंस्पेक्टर संतराम भारद्वाज, हवलदार संदीप भारद्वाज एसएसबी जवानो के साथ मौके पर पहुंच गए और गन्ने की फांदियां हटाकर उनके नीचे दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया। काफी देर बाद तीनों श्रमिकों को बाहर निकाला गया।

आनन-फानन में एसएसबी के जवान एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए। वहां परमवीर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो हालत गंभीर बताई गई। जहानाबाद थाना और ललौरीखेड़ा चौकी से पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और जानकारी जुटाई।

इसे भी पढ़ें-

पीलीभीत: शांतनु ठाकुर कल करेंगे पूरनपुर और बरखेड़ा में जनसभाएं, बनाएंगे भाजपा के पक्ष में माहौल

 

संबंधित समाचार