सीतापुर में अखिलेश ने विशाल जनसभा को किया संबोधित, कहा- डबल इंजन की सरकार में डबल भ्रष्टाचार हुआ
सीतापुर। कभी सपा के गढ़ रहे सीतापुर में शनिवार को सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिसवां के हजरत गुलजार शाह मेला मैदान में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जिले के लोगों से सपा को वोट देने की अपील की। हजारों की भीड़ से आह्लादित अखिलेश यादव ने भाषण की शुरुआत नैमिषारण्य …
सीतापुर। कभी सपा के गढ़ रहे सीतापुर में शनिवार को सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिसवां के हजरत गुलजार शाह मेला मैदान में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जिले के लोगों से सपा को वोट देने की अपील की। हजारों की भीड़ से आह्लादित अखिलेश यादव ने भाषण की शुरुआत नैमिषारण्य की धरती, बाबा हजरत गुलजार शाह और राजस्व के जनक राजा टोडरमल के जिक्र के साथ की।
झूठ बोलने की फैक्ट्री बन गई है बीजेपी
उन्होंने अपने भाषण में कांग्रेस, बसपा का जिक्र तक नहीं किया, लेकिन भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ, बड़ा नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़ा नेता सफेद झूठ बोलता है। पहले और दूसरे चरण में सपा की बढ़त देखकर गर्मी निकालने वालों की भाप निकल चुकी है। सपा प्रमुख ने डबल इंजन की सरकार वाले बयान पर बोलते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में सिर्फ महंगाई और भ्रष्टाचार ही डबल हुआ है। प्रदेश में 11 लाख पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन भाजपा ने इनको नहीं भरा।
सपा की सरकार आने पर भरेंगे रिक्त पदों को
सपा सरकार में इन सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा। पूर्व सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार धीरे-धीरे सभी कुछ बेचती जा रही है। इसके पीछे का कारण आरक्षण को समाप्त करना है। उन्होंने कहाकि जब सरकारी नौकरी ही नहीं रहेगी तो आरक्षण कहां रहेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ जनता का भविष्य ही नहीं तय करेगा, बल्कि इस चुनाव से आप संविधान को भी बचाएंगे, आज लोकतंत्र खतरे में है।
किसानों के गन्ने का नहीं हुआ पेमेंट
भाजपा सरकार में किसानों की कोई सुनवाई नहीं हुई है, उनके गन्ने का पेमेंट तक पूरा नहीं हुआ है। खाद नहीं मिली, जब खाद मिली तो उसमें भी पांच किलो की चोरी कर ली गई। लखीमपुर कांड का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आजाद भारत का यह जलियांवाला बाग हत्याकांड है। सरकार ने पैरवी नहीं की, इसलिए आरोपी की जमानत हो गई है। सपा सरकार बनने के बाद मंडी व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। जिससे किसानों को उनकी फसलों का वाजिब मूल्य मिल सके। गन्ने का भुगतान 15 दिनों के अंदर किसानों को दिलाया जाएगा।
सपा सरकार आने पर खोली जाएंगी बंद चीनी मिलें
पूर्व मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन बहाली, कोरोना काल में मरने वालों के परिजनों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार उचित मुआवजा देने की भी बात कही। सपा सरकार बनने के बाद बंद पड़ी चीनी मिलों को भी खोलने की व्यवस्था की जाएगी। संबोधन के आखिर में पूर्व मुख्यमंत्री ने ने उपस्थित जनसमूह से बिसवां के प्रत्याशी अफजाल क़ौसर सहित सपा गठबंधन को जिताने की अपील की।
इस मौके पर सपा के उम्मीदवारों में सीतापुर से राधेश्याम जायसवाल, महोली से अनूप गुप्ता, हरगांव से रामहेत भारती, लहरपुर से अनिल वर्मा, सेवता से महेंद्र सिंह झीन बाबू, महमूदाबाद से नरेंद्र वर्मा, सिधौली से हरगोविंद भार्गव, मिश्रिख से सपा गठबंधन के प्रत्याशी मनोज राजवंशी मौजूद रहे।
पूर्व सीएम ने सभी का हाथ उठवा कर जनता से सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन एमएलसी आनंद भदौरिया कर रहे थे। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, पूर्व सांसद कैसरजहां, पूर्व विधायक जासमीर अंसारी, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: अमरोहा: महिला से दुष्कर्म के आरोपी को 10 साल की सजा, 39 हजार का जुर्माना भी लगाया
