लखनऊ में सपा पर बरसे राजनाथ सिंह, कहा- समाजवादियों ने जनता की आंखों में धूल झोंककर चलाई सरकार
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा आदि पार्टियां तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं किन्तु भाजपा जस्टिस टू आल करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री को करिश्माई बताते हुए कहा कि 2014 के पहले दुनिया भारत को नहीं सुनती थी किन्तु यदि आज भारत कुछ बोलता है तो …
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा आदि पार्टियां तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं किन्तु भाजपा जस्टिस टू आल करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री को करिश्माई बताते हुए कहा कि 2014 के पहले दुनिया भारत को नहीं सुनती थी किन्तु यदि आज भारत कुछ बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। समाजवाद को परिभाषित करते हुए कहा कि असली समाजवाद वह है जो भय और भूख का समाधान करे, जबकि हमने गुण्डों का आतंक दूर कराकर लोगों की भय से रक्षा की है तो सबको राशन देकर भूख मिटाया है। यहां समाजवादियों ने जनता की आंख में धूल झोंककर सरकार चलाई है।
रक्षामंत्री ने डॉ. नीरज बोरा के समर्थन में की जनसभा
शनिवार को लखनऊ उत्तर के भाजपा प्रत्याशी डा. नीरज बोरा के समर्थन में त्रिवेणी नगर में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए राजधानी के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी के नेतृत्व में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। विकास की पहली शर्त ही कानून-व्यवस्था होती है। यूपी में इसे पटरी पर लाया गया है। सांसद के रूप में अपने कार्यकाल का संकेत करते हुए उन्होंने कहा कि लखनऊ में पिछले साढ़े सात वर्षों में लगभग सैंतालीस हजार करोड़ का विकास हुआ है। आठ लेन के रिंग रोड का दो तिहाई काम पूरा हो गया है। लखनऊ की रैकिंग बढ़ी है साथ ही यहां जमीनों के रेट बढ़े हैं।
हमारी संस्कृति महान, पूरा विश्व है हमारा परिवार
शहरवासियों से भावुक अंदाज में जाति, धर्म व सम्प्रदाय से ऊपर उठकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति ऐसी है, जहां पूरा विश्व एक परिवार है। कार्यक्रम में महापौर संयुक्ता भाटिया, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह, रामऔतार कन्नौजिया, डा. शैलेन्द्र शर्मा अटल, अनुराग मिश्रा, कुमकूम राजपूत, बिन्दू बोरा, मुन्ना मिश्रा, दीपक मिश्रा, टिंकू सोनकर, डा. विवेक सिंह तोमर, उत्तर मण्डल दो के अध्यक्ष लवकुश त्रिवेदी आदि के साथ ही प्रमुख पार्टी पदाधिकारी, मोर्चा व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता समेत हजारों लोग सम्मिलित हुए।
रक्षा उत्पादों के निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा भारत
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आत्मनिर्भर बन रहा है, कुछ वर्षों में ऐसी स्थिति होने जा रही है कि हम गोला, बारुद, मिसाइल, टैंक आदि बनायेंगे बल्कि निर्यात भी करेंगे। डिफेंस कारिडोर बन रहा है, ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं । पहले विदेशों से हथियार खरीदना पड़ता था किन्तु अब भारत में ही दो सौ प्रकार के रक्षा उपकरण तैयार होंगे। इससे दो सौ से अधिक छोटे उद्योग स्थापित होंगे। सरकारें आती जाती रहती हैं किन्तु हमारे लिए देश सर्वोपरि है।
यह भी पढ़ें: बहराइच: नेपाल में 25 मीटर सड़क चौड़ीकरण का बढ़ा विरोध, अमेरिका के सहयोग से हो रहा मार्ग का निर्माण
