मुरादाबाद : चल यार धक्का मार, आखिर बस सरकारी है
मुरादाबाद/अमृत विचार। सड़क परिवहन निगम द्वारा मुरादाबाद व पीतलनगरी डिपो से सभी फिट बसें चुनाव ड्यूटी में रवाना कर दी गईं हैं। जबकि यात्रियों को खस्ता हाल बसों से यात्रा कराई जा रही है। इस कारण यात्रियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। हद तो तब हो गई, जब रविवार को पीतलनगरी की एक बस …
मुरादाबाद/अमृत विचार। सड़क परिवहन निगम द्वारा मुरादाबाद व पीतलनगरी डिपो से सभी फिट बसें चुनाव ड्यूटी में रवाना कर दी गईं हैं। जबकि यात्रियों को खस्ता हाल बसों से यात्रा कराई जा रही है। इस कारण यात्रियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। हद तो तब हो गई, जब रविवार को पीतलनगरी की एक बस अचानक बंद हो गई और चालू नहीं हुई। बस को चालू करने के लिए यात्रियों को धक्का मारना पड़ा, जिसके बाद बस चालू हो सकी।
विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण मतदान के लिए मुरादाबाद डिपो से 48 और पीतलनगरी से 51 बसें चुनाव ड्यूटी में जा चुकी हैं। इसके चलते यात्रियों को बस नहीं मिल पा रही है। बसों की संख्या कम होने से विभाग द्वारा अनफिटों में ही यात्रा कराई जा रही है, जिसके चलते हर समय किसी हादसे की आशंका लगी रहती है।
रविवार को पीतलनगरी पर यात्री बसों के इंतजार में परेशान खड़े थे। इस बीच पीतलनगरी डिपो की एक बस नूरपुर-बिजनौर के लिए सवारी भर चलने के लिए तैयार हुई, लेकिन बस चालू नहीं हो पाई। इसके बाद चालक ने बस में सवार यात्रियों से धक्का लगाने को कहा, जिस पर बस में सवार यात्रियों ने बस में धक्का लगाया। इसके बाद ही बस चालू हो सकी। बस के इंतजार में खड़े यात्री अमित कुमार ने बताया कि बरेली जाने के लिए दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बस नहीं मिली। दूसरे यात्री संजीव कुमार ने बताया कि एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, इस बीच दो बसें आईं, लेकिन यात्रियों की भीड़ ज्यादा होने से सीट नहीं मिल सकी।
पीतलनगरी डिपो की 51 बसें चुनाव ड्यूटी में गई हुईं हैं। जिस कारण यात्रियों को दिक्कत आ रही है। वर्कशाप में खड़ी कुछ बसों को ठीक कराकर संचालन में लगाया गया है। 10 मार्च तक बसें चुनाव ड्यूटी में रहेगी। उसके बाद ही दिक्कत दूर हो पाएगी। -शिव बालक, एआरएम, पीतल नगरी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: कोर्ट के आदेश पर उत्तराखंड के दो लोगों के खिलाफ मुकदमा
