बरेली: दहेज में मांगी पिता की आधी संपत्ति, अधिवक्ता समेत दो पर रिपोर्ट
बरेली,अमृत विचार। रामपुर गार्डन के एक व्यापारी ने आठ साल पहले बेटी की शादी एक मल्टीनेशनल कंपनी कर्मचारी से की थी। शादी में लाखों की रकम खर्च की, लेकिन उसके बाद भी ससुराल वाले दहेज की मांग करते रहे। महिला का भाई डॉक्टर और पिता व्यापारी होने की वजह से ससुराल वालों ने पिता की …
बरेली,अमृत विचार। रामपुर गार्डन के एक व्यापारी ने आठ साल पहले बेटी की शादी एक मल्टीनेशनल कंपनी कर्मचारी से की थी। शादी में लाखों की रकम खर्च की, लेकिन उसके बाद भी ससुराल वाले दहेज की मांग करते रहे। महिला का भाई डॉक्टर और पिता व्यापारी होने की वजह से ससुराल वालों ने पिता की संपत्ति में हिस्सा या एक करोड़ रुपये की मांग रख दी।
पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो अधिवक्ता सास व कंपनी कर्मचारी पति ने बेटे को अपने पास रोकते हुए महिला को बेघर कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने महिला की सास व पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर गार्डन की रहने वाली जूही जायसवाल ने अपनी सास व पति के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस से की शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2013 को उनके व्यापारी पिता ने उनकी शादी मुजफ्फरनगर स्थित नई मंडी के पास रहने वाले संकल्प गुप्ता से की थी। शादी में ससुराल वालों ने 70 लाख रुपये की मांग रखी थी लेकिन व्यापारी ने बातचीत के बाद शादी में 50 लाख रुपये खर्च किए थे।
जूही ने पुलिस को बताया कि उनकी सास सुदेश गुप्ता अधिवक्ता हैं और उनके पति संकल्प गुप्ता एक मल्टीनेशनल कंपनी में कर्मचारी हैं व ससुर सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। शादी के कुछ समय बाद ही अधिवक्ता सास ने पिता की संपत्ति से आधा हिस्सा उनके व ससुर और पति के नाम कराने की मांग रखी हालांकि वह मांग पूरी न हो सकी।
वहीं कुछ दिनों बात जूही का भाई डॉक्टर बन गया, जिसके बाद ससुराल वालों की मांग एक बार फिर बढ़ गई और उन्होंने दहेज में आधी संपत्ति या फिर एक करोड़ रुपये की मांग शुरू कर दी। उसी दौरान महिला ने साल 2014 में बेटे को जन्म दिया तो अधिवक्ता सास व पति ने बेटे के नामकरण संस्कार में पांच लाख नकद, हीरे के पैंडिल की चेन, कंधनी व सोने के सिक्कों की मांग की।
बच्चे की खुशी के चलते जूही के पिता ने यह मांग पूरी कर दी। लेकिन सास व पति का लालच बंद नहीं हुआ औऱ उन्होंने फिर संपत्ति या करोड़ रुपये की मांग पूरी न होने पर महिला के पति की दूसरी शादी कराने व बच्चे से अलग करने की धमकी देना शुरू कर दिया। साथ ही 15 अगस्त 2021 को जूही को बेघर कर दिया।
जूही ने बताया कि कुछ समय बाद जब वह माता-पिता के साथ ससुराल पहुंची तो अधिवक्ता सास ने न तो बच्चे से मिलने दिया वहीं मानसिक प्रताड़ित कर माता-पिता व जूही को घर से भगा दिया। जूही जायसवाल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने उनकी सास सुदेश गुप्ता व पति संकल्प गुप्ता के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें-
