बरेली: किसी बुजुर्ग को बेटे तो किसी को बहू ने किया बेघर
बरेली,अमृत विचार। सुभाषनगर क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले दो बुजुर्गों ने अपने बच्चों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक मामले में बेटा-बहू व दूसरे में बेटे पर पिता से मारपीट कर उन्हें बेघर करने का आरोप लगा है। बुजुर्गों की फरियाद पर पुलिस ने छह नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ …
बरेली,अमृत विचार। सुभाषनगर क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले दो बुजुर्गों ने अपने बच्चों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक मामले में बेटा-बहू व दूसरे में बेटे पर पिता से मारपीट कर उन्हें बेघर करने का आरोप लगा है। बुजुर्गों की फरियाद पर पुलिस ने छह नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बदायूं रोड स्थित सपन होटल वाली गली के रहने वाले अनिल कुमार सिंह ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि 21 जनवरी 2021 को उन्होंने अपने बेटे की शादी आंवला क्षेत्र की रहने वाली मोनिका से की थी। शादी के बाद बहू-बेटे के बीच झगड़े की वजह से उन्हें दिक्कत होने लगी और उम्रदराज होने की वजह से उन्हें मानसिक तौर पर परेशान भी किया जाने लगा।
इसकी वजह से उन्होंने बेटा-बहू को बेदखल कर दिया। आरोप है कि 20 फरवरी 2022 को उनकी पुत्र वधू अपने पिता सत्येंद्र पाल सिंह, मामा मिशन पाल सिंह, भाई सुनील कुमार सिंह व तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ घर में घुसी और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें वह चोटिल हो गए।
आरोप यह भी है कि बहू व उसके परिजनों ने मारपीट कर जबरन कुछ कागजातों पर उनके हस्ताक्षर भी करा लिए। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र के करेली गांव निवासी रविंद्र वर्मा जब सिर व पैर से चोटिल अवस्था में थाने पहुंचे तो रोने लगे।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा योगेंद्र वर्मा आये दिन उनके साथ झगड़ा व गाली-गलौज करता रहता है। बताया कि 21 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे जब वह घर में सो रहे थे उसी समय योगेंद्र वहां पहुंचा और उन पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में योगेंद्र ने एक लाठी उनके सिर व दूसरी बार उनके पैर में मारी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। चोटिल बुजुर्ग की शिकायत सुनकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
