Russia-Ukraine War : रूस ने यूक्रेन पर किया हमला, राजधानी कीव में क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से धमाके, राष्ट्रपति पुतिन ने दी धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मॉस्को। रूस ने यूक्रेन के साथ जंग की शुरुआत कर दी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सैन्य कार्रवाई के ऐलान के बाद यूक्रेन में कई जगह धमाके सुनाई दिए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि रूस ने बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों से यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जगहों को निशाना बनाया है। यूक्रेन …

मॉस्को। रूस ने यूक्रेन के साथ जंग की शुरुआत कर दी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सैन्य कार्रवाई के ऐलान के बाद यूक्रेन में कई जगह धमाके सुनाई दिए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि रूस ने बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों से यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जगहों को निशाना बनाया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने बताया कि यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं। यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा।

व्लादिमीर पुतिन ने दी धमकी
वहीं पुतिन ने सैन्य कार्रवाई का ऐलान करते हुए धमकी भी दी कि कोई इस मामले में दखल ना दे, वरना अंजाम बुरा होगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन-रूस के युद्ध को टाला नहीं जा सकता। इसलिए रूस स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन लॉन्च कर रहा है। इसका लक्ष्य यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है। पुतिन ने यूक्रेन की सेना को कहा है कि वह हथियार डालें और अपने घर जाएं।

नाटो प्रमुख ने की निंदा
वहीं रूस के हमले की नाटो प्रमुख जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने नींदा की है। उन्होंने इसे बेवजह किया गया हमला बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे अनगिनत जाने खतरे में पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि, ‘मैं यूक्रेन पर रूस के लापरवाह और अकारण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमारी कई कोशिशों और चेतावनी के बाद भी रूस ने आक्रमकता का रास्ता चुना जो ठीक नहीं है’।

यूक्रेन में उड़ाने रद्द
सूत्रों के मुताबिक, रूस के हमले के बाद यूक्रेन ने एहतियातन सभी नागरिक विमानों की उड़ाने रद्द कर दी हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने की शांति बनाए रखने की अपील 
कीव। रूस के आक्रमण की बढ़ती आशंकाओं के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शांति बनाए रखने की अपील की है। देश के नाम संबोधन में जेलेंस्की ने यह भी बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन करने की कोशिश की थी, लेकिन क्रेमलिन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। राष्ट्रपति ने बुधवार देर रात अपने संबोधन में रूस के उन दावों को खारिज कर दिया कि उनका देश रूस के लिए खतरा पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि रूस के आक्रमण से लाखों जिंदगियां प्रभावित होंगी।यूक्रेन में राष्ट्रव्यापी आपातकाल की घोषणा के कुछ घंटे बाद जेलेंस्की ने कहा, ” यूक्रेन के लोग और यूक्रेन की सरकार शांति चाहती है, लेकिन अगर देश पर आक्रमण होता है तो हम भी लड़ेंगे।”

बाइडेन ने यूक्रेन पर रूस के ”अकारण हमले” की निंदा की
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन पर रूस के ”बिना उकसावे वाले और अकारण” हमले के इरादे की निंदा की है। राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी इसके लिए ”रूस की जवाबदेही तय करेंगे।” बाइडेन ने कहा कि सात नेताओं के समूह की बैठक के बाद गुरुवार को अमेरिकी लोगों से बात करने की उनकी योजना है। गुरुवार को रूस के खिलाफ और प्रतिबंधों की घोषणा की जा सकती है। बाइडेन ने एक लिखित बयान में कहा, ” रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक पूर्व नियोजित युद्ध को चुना है, जिसका लोगों के जीवन पर विनाशकारी प्रभाव होगा। इस हमले में लोगों की मौत और तबाही के लिए केवल रूस जिम्मेदार होगा, अमेरिका और उसके सहयोगी एवं साझेदार एकजुट हो कर एवं निर्णायक तरीके से इसका जवाब देंगे। दुनिया रूस की जवाबदेही तय करेगी।”

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने पुतिन से ”शांति से मसले हल करने” की अपील की
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में सेना नहीं भेजने और ”शांति से मसले हल करने” की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बुधवार देर रात बुलाई गई आपात बैठक में गुतारेस ने कहा कि पूरा दिन इन अफवाहों और आशंकाओं से भरा हुआ रहा कि यूक्रेन के खिलाफ आक्रमण आसन्न है। गुतारेस ने कहा कि इससे पहले उन्होंने उन अफवाहों पर कभी विश्वास नहीं किया कि यूक्रेन पर रूस आक्रमण करेगा और हमेशा ” आश्वस्त रहे कि कुछ भी भयावह नहीं होगा।” उन्होंने कहा, ” मैं गलत था और मैं एक बार फिर गलती नहीं करना चाहता। इसलिए यदि वास्तव में किसी अभियान की तैयारी की जा रही है, तो मैं तहे दिल से बस यही कहना चाहूंगा कि अपने सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने से रोकें। शांति से मसले हले करें। बहुत लोगों की जान पहले ही जा चुकी है।”

संबंधित समाचार