EVM को जमा करने को लेकर रातभर दौड़ लगाता रहा कार्मिकों का रेला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। जिले की आठ विधानसभाओं में हुई वोटिंग के बाद ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में जमा करने को लेकर कार्मिकों का रेला सारी रात नवीन गल्ला मंडी की तरफ दौड़ लगाता रहा। एक बारगी वहां नज़र दौड़ाने से लग रहा था कि जैसे गल्ला मंडी का दायरा सिमट कर रह गया हो। कार्मिकों ने …

हरदोई। जिले की आठ विधानसभाओं में हुई वोटिंग के बाद ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में जमा करने को लेकर कार्मिकों का रेला सारी रात नवीन गल्ला मंडी की तरफ दौड़ लगाता रहा। एक बारगी वहां नज़र दौड़ाने से लग रहा था कि जैसे गल्ला मंडी का दायरा सिमट कर रह गया हो। कार्मिकों ने सारी रात आंखों में ही काट दी।

जिले की आठ विधानसभाओं में बुधवार को वोट डाले गए। 22 फरवरी को शहर के सीएसएन कालेज और आईटीआई से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई थी। वोटिंग हो जाने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां ईवीएम मशीन स्ट्रांग रूम में जमा करने के लिए नवीन गल्ला मंडी पहुंची। पोलिंग पार्टियों का सिलसिला शाम सात बजे से शुरू हो गया,जो रात भर चलता रहा।

कार्मिकों ने वहां पहुंच कर ईवीएम मशीन के साथ जमा करने वाले सारे प्रपत्र तैयार किए।इसके बाद उन प्रपत्रों की जांच की गई। इसके बाद लम्बी कतार में घंटों खड़े रह कर ईवीएम जमा की गई।तब कही जा कर कार्मिकों को छुट्टी मिली।इतना ही नहीं बहुत से ऐसे भी कार्मिक थे, जिन्हें प्रपत्र तैयार करने में ही छक्के छूट गए।

ईवीएम जमा करने का सिलसिला सारी रात चलता रहा। ईवीएम ले कर वहां डटे रहे कार्मिकों ने आंखों में ही रात गुज़ार दी। डीएम अविनाश कुमार, एसपी राजेश द्विवेदी, सीडीओ आकांक्षा राना,एडीएम वन्दना त्रिवेदी के अलावा सभी अफसर वहीं मौजूद रहे।

स्टेटिक मजिस्ट्रेट,जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी-अपनी पोलिंग पार्टियों को सभी ईवीएम और प्रपत्रों को नियमों को ध्यान में रखते हुए उन्हें जमा करने की हिदायत देते रहे।

सड़कों की दूरी नापते दिखे कार्मिक

हरदोई। ईवीएम मशीन को स्ट्रांग रूम में जमा करने के बाद कार्मिक अपने-अपने घरों को वापस लौटने के लिए सड़कों की दूरी नापते रहे। कोई चौराहा-चौराहा दौड़ा,तो कोई रेलवे स्टेशन तक दौड़ गया। कार्मिकों की सारी रात चहलकदमी होती रही।

10 रुपए की चाय,30 रुपए का पानी

हरदोई। थके-हारे कार्मिक जब नवीन गल्ला मंडी पहुंचे तो थकान कम करने के लिए चाय की तलब मचल उठी। गल्ला मंडी में बने स्ट्रांग रूम से कुछ दूर पर चाय-पानी बिक रहा था।ऐसे में दुकानदारों ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए मनमाने पैसे वसूल किए। खुलेआम 10 रुपए की चाय और 30 रुपए की पानी की बोतल बेची गई।

कार्मिकों के बीच हुई तीखी झड़प

प्रपत्रों की जांच किए जाने के दौरान कुछ कार्मिकों के झड़प हो गई। हुआ यूं कि शाहाबाद विधानसभा की ईवीएम और प्रपत्रों की जांच वहां लगाए गए काउंटर पर हो रही थी। कतार में खड़े कार्मिकों ने खुद को नज़रंदाज़ करने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।इसी बात को लेकर तीखी झड़प होने लगी। नतीजतन वहां जांच करने वाले उठ कर चले गए। आधी रात तक उनका कुछ पता नहीं चला।

पढ़ें- मिजोरम विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप को लेकर जेडपीएम ने लोकायुक्त के पास दायर की याचिका

संबंधित समाचार