मुरादाबाद: पंचायत ने सुनाया तुगलकी फरमान, दुष्कर्म के आरोपी से नाबालिग की शादी का दिया आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग छात्रा की जिंदगी का फैसला दुष्कर्म के आरोपी के हाथ सौंप दिया, हालांकि पंचायत के फरमान को भी आरोपी ने बाद में ठेंगा दिखा दिया। आरोपी और उसके परिजन पीड़िता को अपमानित करने लगे। इससे छात्रा अवसाद में आ गई। वह खुदकुशी करने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग छात्रा की जिंदगी का फैसला दुष्कर्म के आरोपी के हाथ सौंप दिया, हालांकि पंचायत के फरमान को भी आरोपी ने बाद में ठेंगा दिखा दिया। आरोपी और उसके परिजन पीड़िता को अपमानित करने लगे। इससे छात्रा अवसाद में आ गई। वह खुदकुशी करने की बात करने लगी। बेटी की हालत देख पिता ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने इंस्पेक्टर सिविल लाइंस को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।

मामला सिविल लाइंस थानाक्षेत्र की आदर्श कालोनी का है, यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने गुरुवार को एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी 15 वर्षीया पुत्री दसवीं की छात्रा है। छात्रा एक नवंबर 2021 को परीक्षा देने स्कूल गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। तलाश करने पर पता चला कि पड़ोस में ही अपने नाना के घर रह रहा युवक तीन साथियों के साथ उनकी बेटी को रास्ते से अपहरण करके ले गया।

वह थाने जाने लगे तो कालोनी के लोगों ने इज्जत का वास्ता देकर रोक लिया और आरोपियों के परिजनों को बुलाकर बात करने को कहा। पंचायत के जरिए तीन नवंबर 2021 को उनकी बेटी घर आ गई। तब छात्रा ने अपनी मां को बताया कि आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ मसूरी के एक होटल में ले गया था और दो दिन तक बलात्कार किया था। छात्रा की मां ने यह बात अपने पति को बताई। उन्होंने इसे पंचायत के सामने रखा। तब पंचायत ने कुछ समय बाद उनकी बेटी का विवाह आरोपी से ही करने का फरमान सुना दिया।

पीड़िता के पिता ने बताया कि उनके सामने पंचायत का फैसला मानने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं था। हालात को देखते हुए वह बलात्कार के आरोपी के साथ ही अपनी नाबालिग बेटी की शादी करने के लिए तैयार हो गए। इस बीच ननिहाल में रह रहा आरोपी युवक अपने घर चला गया। कुछ दिन बाद ही आरोपी युवक के परिवार वाले उनकी बेटी को ही अपमानित कर बदनाम करने लगे। उन्होंने छात्रा के पिता को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इसकी जानकारी होने पर उनकी बेटी मानसिक अवसाद में आ गई।

संबंधित समाचार