मुरादाबाद: शिक्षक की जान बचाने वाले पुलिसकर्मी का सम्मान
मुरादाबाद, अमृत विचार। निजी स्कूल संचालित करने वाले शिक्षक की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों का शिव सैनिकों ने सम्मान किया है। शिक्षक ने वीडियो जारी कर ट्रेन से कटकर आत्महत्या की बात कही थी। जिस पर परिजनों ने शिक्षक को बचाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई थी। इसके बाद छजलैट पुलिस ने मोबाइल के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। निजी स्कूल संचालित करने वाले शिक्षक की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों का शिव सैनिकों ने सम्मान किया है। शिक्षक ने वीडियो जारी कर ट्रेन से कटकर आत्महत्या की बात कही थी। जिस पर परिजनों ने शिक्षक को बचाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई थी। इसके बाद छजलैट पुलिस ने मोबाइल के आधार पर लोकेशन पताकर 50 मिनट में मौके पर जाकर उसे बचा लिया।
बुधवार को डिलारी थाना के ग्राम सियाली खद्दर निवासी मतलूब ने सोशल मीडिया सेल को सूचना दी कि उसके चाचा मोहम्मद जुबैर आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। इसका उन्होंने वीडियो बनाकर भेजा है। इसके बाद सेल में तैनात सिपाही मोहन स्वरूप ने तुरंत आला अधिकारियों के साथ छजलैट थाना प्रभारी को सूचना दी। मोबाइल की लोकेशन ट्रैस करने पर छजलैट व कांठ बार्डर की बात सामने आई।
जिस पर छजलैट थाना प्रभारी रामप्रताप सिंह तीन किलोमीटर का सफर तय कर मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर मोहम्मद जुबैर झाड़ियों में छुप गया था। इस बीच ट्रेन का हार्न बजने पर जब वह झाड़ियों से निकला तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे बचा लिया। बाद में समझा-बुझाकर परिजनों संग भेज दिया था।
इस मामले की जानकारी जब शिव सैनिकों को हुई तो उन्होंने पुलिस कर्मियों का सम्मान करने का निर्णय लिया। इसी के तहत शिवसेना के जिला प्रमुख डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल छजलैट थाने पहुंचा। उन्होंने प्रभारी रामप्रताप समेत सभी पुलिसकर्मियों का सम्मान करने के साथ ही गुलदस्ता भेंट किया। इस मौके पर बाबा कुशल सिंह, प्रमोद सागर, लखवीर सिंह और राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।
