पीलीभीत: एसडीएम की सुरक्षा में लगे होमगार्ड का सीएचसी में हंगामा, वीडियो वायरल
पूरनपुर/पीलीभीत,अमृत विचार। एसडीएम की सुरक्षा में लगे होमगार्ड जवान ने नशे की हालत में सीएचसी पहुंचकर जमकर हंगामा किया। वह एक निजी कर्मचारी को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए सीएचसी पहुंचा था। वहां किसी बात पर स्वास्थ्यकर्मियों से अनबन हो गई। फिर वर्दी का रौब गांठते हुए धमकाया और अंजाम भुगतने की धमकी दे …
पूरनपुर/पीलीभीत,अमृत विचार। एसडीएम की सुरक्षा में लगे होमगार्ड जवान ने नशे की हालत में सीएचसी पहुंचकर जमकर हंगामा किया। वह एक निजी कर्मचारी को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए सीएचसी पहुंचा था। वहां किसी बात पर स्वास्थ्यकर्मियों से अनबन हो गई। फिर वर्दी का रौब गांठते हुए धमकाया और अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली।
कुछ लोगों ने हंगामे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे खलबली मची रही। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। वायरल वीडियो से मामला चर्चा का विषय बना रहा। वहीं, जिम्मेदार पूरे मामले से अनभिज्ञता जता गए।
घटना पूरनपुर सीएचसी में शुक्रवार की बताई गई है। एसडीएम के एक निजी कर्मचारी को बीते दिनों कुत्ते ने काट लिया था। कर्मचारी को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए एसडीएम की सुरक्षा में लगा होमगार्ड सीएचसी पहुंचा। आरोप है कि होमगार्ड और उसके साथ आया निजी कर्मचारी दोनों नशे की हालत में थे। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने नशे में होने पर आपत्ति जता दी।
इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद होमगार्ड स्वास्थ्यकर्मियों से भिड़ गया और हंगामा शुरू कर दिया। सीएचसी स्टाफ से गाली गलौज करने लगा। दोनों ने एसडीएम के यहां काम करने का हवाला देते हुए खूब रौब गांठा और स्वास्थ्यकर्मियों को धमकाते रहे। पहले तो कर्मचारी दोनों को शांत कराने का प्रयास करते रहे।
मगर, जब बात हद से आगे बढ़ गई तो सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से बातचीत की गई। फिर करीब आधे घंटे बाद मामला शांत करा दिया। होमगार्ड और उसके साथ आया कर्मचारी दोनों वापस हो गए। मगर, इस हंगामे का वीडियो कुछ लोग बना चुके थे। शनिवार को वीडियो सोशल मीडियो पर वायरल हुए तो खलबली मच गई। फिलहाल कोई तहरीर न दिए जाने पर कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
होमगार्ड की बढ़ सकती है मुसीबत
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित होमगार्ड की मुसीबत बढ़ सकती है। फजीहत को देखते हुए विभागीय अधिकारी संज्ञान ले चुके हैं। होमगार्ड के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसे लेकर शनिवार को पड़ताल भी चलती रही। जिसे लेकर साथी होमगार्ड भी इसकी चर्चा करते नजर आए।
इस तरह का कोई मामला मेरे संज्ञान में नही है। कोई शिकायत भी इससे जुड़ी नहीं मिली है। इस संबंध में जानकारी कराई जाएगी। उसी आधार पर आगे एक्शन लिया जाएगा।
—ऋषिकांत राजवंशी, एसडीएम, पूरनपुर
ये भी पढ़ें-
पीलीभीत: चार किलो अफीम के साथ होमगार्ड समेत छह तस्कर गिरफ्तार
