लखीमपुर-खीरी: डॉक्टर के घर से 90 हजार की नगदी व 18 लाख के जेवर चोरी
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पुलिस की गश्त व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने गोला रोड़ पर स्थित एक डॉक्टर के मकान पर धावा बोल दिया। पीछे की दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरों के ताले तोड़ दिए। अंदर रखी सेफ आदि का ताला तोड़कर 90 हजार रुपये की नगदी और करीब …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पुलिस की गश्त व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने गोला रोड़ पर स्थित एक डॉक्टर के मकान पर धावा बोल दिया। पीछे की दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरों के ताले तोड़ दिए। अंदर रखी सेफ आदि का ताला तोड़कर 90 हजार रुपये की नगदी और करीब 18 लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित डॉक्टर ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है।
थाना निघासन के गांव कुशहा निवासी डॉ. सर्वेश कुमार चौधरी ने बताया कि वह गोला गोकर्णनाथ मार्ग पर उदयपुर महेवा में अशोक कुमार शुक्ला के मकान में किराए पर रहते हैं। शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे पत्नी नेहा के साथ अपनी ससुराल शहर के मोहल्ला शिवकॉलोनी गए थे। रात में किसी समय चोर पीछे की दीवार के सहारे घर में घुस आए और कमरों का ताला तोड़ दिया। कमरे में रखी सेफ आदि के ताले तोड़कर 90 हजार रुपये की नगदी और करीब 18 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए।
सुबह जब वह घर वापस आए और अंदर गए तो देखा कि कमरों के ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा हुआ पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी होते ही मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। डॉक्टर ने घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा शहर कोतवाल अरुण कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। डॉक्टर ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरों पर एक नजर
डॉ. सर्वेश कुमार चौधरी ने बताया कि चोर सोने के चार कंगन, सोने का हार, दो सोने और दो डायमंड के मंगलसूत्र, 25 जोड़ी पॉयल, पांच जोड़ी भारी पायल, 40 जोड़ी बिछिया, सोने की दो चेन, सोने का एक मांग टीका, डायमंड की चार अंगूठी, डायमंड के चार कंगन, सोने की चार अंगूठी, एक सोने की नाक की नथनी, ब्रासलेट सोने का, एक डायमेंड का ब्रासलेट, एक एलईडी व घड़ी।
फील्ड यूनिट टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
लाखों रुपये की चोरी की सूचना पर क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। स्ववॉट टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना स्थल का निरीक्षण कर जिस रास्ते से चोर घर में दाखिल हुए। उस जगह का बारीकी से निरीक्षण किया। उधर फील्ड यूनिट के एक्सपर्ट ने कमरों के अंदर, तालों, दरवाजों पर फिंगरों के निशान लिए। साथ ही मौके से कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
इसे भी पढ़ें-
लखीमपुर-खीरी: फूलबेहड़ में युवक, खीरी में महिला की लाठियों से पीटकर हत्या
