अयोध्या: जश्न में डूबे भाजपाई, जीत के बाद उम्मीदवारों ने किए हनुमानगढ़ी में दर्शन
अयोध्या। जनपद में 3 सीट भाजपा और 2 सीट सपा के खाते में। रुदौली से भाजपा के रामचंद्र यादव ने बनाई हैट्रिक। लगातार तीन बार जीते। अयोध्या विधानसभा से भाजपा के वेद प्रकाश गुप्ता,बीकापुर विधानसभा से भाजपा के अमित कुमार सिंह व रुदौली से भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र यादव जीते।समाजवादी पार्टी से मिल्कीपुर से अवधेश प्रसाद …
अयोध्या। जनपद में 3 सीट भाजपा और 2 सीट सपा के खाते में। रुदौली से भाजपा के रामचंद्र यादव ने बनाई हैट्रिक। लगातार तीन बार जीते। अयोध्या विधानसभा से भाजपा के वेद प्रकाश गुप्ता,बीकापुर विधानसभा से भाजपा के अमित कुमार सिंह व रुदौली से भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र यादव जीते।समाजवादी पार्टी से मिल्कीपुर से अवधेश प्रसाद व गोसाईगंज विधानसभा से सपा प्रत्याशी अभय सिंह चुनाव जीते। आधिकारिक घोषणा बाकी।
सूबे के साथ-साथ जिले की तीन विधानसभाओं में जीत दर्ज करने के बाद यहां भाजपाइयों में जश्न का माहौल रहा। नतीजों के बाद यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने होली से पहले ही अबीर गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया। ढोल नगाड़ों और डीजे के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में विजयोत्सव भी मनाया। भाजपाइयों के जोश का आलम यह था कि वे मतगणना स्थल से जुलूस निकालने से भी नहीं चूके।
उल्लास का जमकर इजहार किया
गुरुवार का दिन भाजपा खेमे के लिए खुशियों से भरा रहा। प्रदेश में फिर जोरदार वापसी और जिले की अयोध्या, बीकापुर और रुदौली विधानसभाओं में विजय श्री ने भाजपाइयों की होली दिवाली दोनों मना दी। नतीजा आते ही मतगणना स्थल से भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को फूल मालाओं से लाद दिया। जश्न में डूबे भाजपाइयों ने विजय जुलूस न निकालने के फरमान को दरकिनार करते हुए अपने उल्लास का जमकर इजहार किया।
जीतने के बाद अयोध्या से भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली से रामचंद्र यादव और बीकापुर से अमित चौहान सीधे सबसे पहले अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे। यहां हनुमानगढ़ी में जीते प्रत्याशियों ने संतों का भी आशीर्वाद लिया। नगर में तो कई मोहल्लों और चौराहों पर ढोल नगाड़ों के साथ भाजपाई नाचते गाते दिखे। फतेहगंज में तो बाकायदा होली खेली गई।
भाजपा की जीत पर महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया
रिकाबगंज और भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता के आवास पर हुजूम उमड़ पड़ा। अयोध्या में भी भाजपा की जीत पर लोगों में उल्लास रहा। संतों ने भी अपनी खुशी का इजहार किया। अयोध्या में कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ी और नया घाट पर अबीर गुलाल के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सूबे और जिले में जीत भाजपा के प्रति जनता के विश्वास की विजय है। कई स्थानों पर शाम होते ही घरों के ऊपर लोगों ने दीपक जलाकर उत्सव मनाया। खासकर भाजपा की जीत पर महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
पढ़ें-चुनाव नतीजे 2022: उत्तराखंड की राजनीति में चर्चित हैं ये पांच मिथक, कुछ टूटे कुछ कायम रहे
