मुरादाबाद : पिटाई से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। चार महीने पूर्व पिटाई से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। मृतक के फुफेरे भाई व उसके साथी के खिलाफ पाकबड़ा पुलिस को तहरीर दे दी गई …

मुरादाबाद, अमृत विचार। चार महीने पूर्व पिटाई से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। मृतक के फुफेरे भाई व उसके साथी के खिलाफ पाकबड़ा पुलिस को तहरीर दे दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।

मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव नगलिया मशकूला निवासी मोमीन मजदूर हैं। उनके परिवार में पत्नी शाहना, तीन बेटी शायरीन, भूरी और हसीन तथा एक बेटा मुनासिब हैं। बीस वर्षीय मुनासिब भी मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार चार दिसंबर 2021 की शाम करीब पांच बजे उसे गांव बघा निवासी फुफेरा भाई शायम और उसका दोस्त जीशान घर बुलाकर पाकबड़ा ले गए थे। जब रात नौ बजे तक भी वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन किया। मगर डेढ़ घंटे तक किसी न भी फोन नहीं आया।

देर रात करीब साढ़े 11 बजे शायम ने फोन करके परिजनों को सूचना दी कि हमारा एक्सीडेंट हो गया है। इसमें मुनासिब को गंभीर चोटें लगी हैं। इस पर परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुनासिब को न्यूरोन अस्पताल ले गए। वहां 13 दिन तक रखने के बाद उसे दिल्ली के अर्बन अस्पताल ले जाया गया। वहां मुनासिब 28 दिन तक भर्ती रहा।

इस दौरान होश आने पर उसने बताया कि शायम और जीशान ने डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई की है। कारण पूछने पर वह नहीं बता सका। इसके बाद उसे होश नहीं आ सका। परिजनों ने उसे मेरठ में भर्ती कराया लेकिन वहां के डाक्टरों ने भी जवाब दे दिया। तब वह उसे लेकर घर आ रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची मैनाठेर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पांच दिन पूर्व ही हुई थी बड़ी बहन की शादी
मुनासिब की बड़ी बहन शायरीन की शादी पांच दिन पूर्व ही हुई थी। इस दौरान भी मुनासिब बिस्तर पर ही पड़ा था। इसकी वजह से शादी बेहद सादगी के साथ की गई थी। उम्मीद थी कि मुनासिब जल्द ही ठीक हो जाएगा। मगर जब उसकी मौत की खबर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और तीनों बहनें बुरी तरह बिलखने लगीं। परिजनों ने बताया कि चार महीने तक इकलौते बेटे के ठीक होने की उम्मीद संजोए पिता मोमीन को उसकी मौत ने बुरी तरह तोड़ दिया है। परिजनों ने बताया कि मोमीन ने चारपाई पकड़ ली है। कमजोरी के चलते वह पोस्टमार्टम हाउस तक भी नहीं आ सके।

फुफेरे भाई और उसके साथी के खिलाफ दी तहरीर
मृतक के परिजनों ने बताया कि उन्होंने पाकबड़ा थाने में उसके फुफेरे भाई और उसके साथी के खिलाफ तहरीर दे दी है। उन्होंने बताया कि जब तक मुनासिब बेहोश था तब तक आरोपी उसके साथ मौजूद थे। मगर उसके होश में आते ही दोनों लापता हो गए। मुनासिब की मौत की सूचना मिलने के बावजूद उसकी सगी बुआ और फूफा भी नहीं आए। उन्होंने मृतक के फुफेरे भाई और उसके साथी पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि यदि हादसा हुआ था तो उन्हें भी चोट लगनी चाहिए थीं मगर दोनों का खरोंच तक नहीं लगी। दोनों आरोपियों ने बताया था हादसे के समय बाकी 70 की स्पीड पर थी मगर उसकी चाभी घायल मुनासिब की जेब में मिली थी।

संबंधित समाचार