मुरादाबाद : बीच सड़क पर खड़ी ट्राली में घुसी बाइक, युवक की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट थानाक्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार बाइक बीच सड़क में खड़ी ट्राली में घुस गई। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात ट्राली मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। हादसे का शिकार हुए …
मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट थानाक्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार बाइक बीच सड़क में खड़ी ट्राली में घुस गई। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात ट्राली मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
हादसे का शिकार हुए 35 वर्षीय ऋषिपाल उर्फ नन्हा छजलैट थानाक्षेत्र के गांव मानपुर मुजफ्फरपुर के निवासी थे। वह महानगर में वाहन धुलाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी ज्योति के अलावा पांच बच्चे मनोज, विपिन, संजो, अजय और अभिषेक हैं। बुधवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद ऋषिपाल बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सराय खजूर गांव के पास एक ट्राली बीच सड़क पर खड़ी थी। इस दौरान सामने से कोई वाहन आ गया।
उसकी हैडलाइट से ऋषिपाल की आंखें चुंधियां गईं और उनकी बाइक बेकाबू होकर ट्राली में घुस गई। ट्राली के कोने से सिर टकराने के कारण ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पहचान करके हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
छजलैट पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि ट्राली के मालिक के बारे में पता नहीं चल सका है। बताया कि गन्ना लदी ट्राली का हिच टूट गया था। इस पर चालक दूसरी ट्राली में गन्ना भरकर ले गया।
ट्राली की मरम्मत कराने के बावजूद उसे सड़क पर ही छोड़ दिया। ट्राली मालिक की लापरवाही से ऋषिपाल की जान चली गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्राली को कब्जे में ले लिया है। अज्ञात ट्राली मालिक के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। पुलिस ट्राली स्वामी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें:- यूपी चुनाव: आजम खान और बेटे अब्दुल्ला ने हासिल की बड़ी जीत, इतने मतों से निकटतम प्रतिद्वंद्वी को दी मात
