अयोध्या: फिर ये तो यूपी है, यहां कुछ भी हो सकता है, आगे तुम खुद समझदार हो… दस लाख की रंगदारी के पत्र की भाषा भी अजब-गजब
गोसाईगंज/अयोध्या। कस्बे के दवा व्यवसायी हरिओम गुप्ता को दस लाख की रंगदारी का पत्र पुलिस के गले की हड्डी बन गया है। पत्र भेजने वाले ने जिस तरीके से धमकी दी है उसकी भाषा को लेकर पुलिस महकमे में भी चर्चा है। पत्र भेजने वाले ने सधे हुए शब्दों के साथ धमकी देते हुए यह …
गोसाईगंज/अयोध्या। कस्बे के दवा व्यवसायी हरिओम गुप्ता को दस लाख की रंगदारी का पत्र पुलिस के गले की हड्डी बन गया है। पत्र भेजने वाले ने जिस तरीके से धमकी दी है उसकी भाषा को लेकर पुलिस महकमे में भी चर्चा है। पत्र भेजने वाले ने सधे हुए शब्दों के साथ धमकी देते हुए यह भी लिखा है कि दिल्ली की अदालत में जब गोली चल सकती हैं तो फिर यह तो यूपी है, यहां कुछ भी हो सकता है। आगे तुम खुद समझदार हो…। दस लाख की रंगदारी की चिट्ठी की शुरुआत ही अनोखी है। सेवा में न्यू श्याम मेडिकल एजेंसी गोसाईगंज अयोध्या लिखा है।
जरा पढ़िए धमकी भरे पत्र की भाषा: सबसे पहले तुमको यह सूचित करना है कि यह पत्र फिरौती के लिए लिखा गया है और फिरौती की रकम है दस लाख रुपया। तुम्हारे पास धन की कोई कमी नहीं है। धन तो आता-जाता रहता है, लेकिन लोग जाने के बाद फिर वापस नहीं आते हैं, मतलब तो तुम समझ ही गए होगे…। अब रहा हम लोगों का परिचय हम लोग कौन हैं, कहां के हैं, नाम क्या-क्या है यह सब जानने की तुम्हें जरूरत नहीं है।
अगर रकम देने से इन्कार या कोई चालाकी करते हो तो तुम्हारे ऊपर क्या क्या हो सकता है जान लो। तुम्हारे पर इनकम टैक्स, नारकोटिक्स सेल टैक्स का छापा पड़ेगा। इन सभी परेशानियों से पार होने के बाद तुन्हें व तुम्हारे परिवार (तुम दो भाई व तुम्हारे पिता)को गोली मार दिया जायेगा। यह कोई मजाक नही है,ऐसी भूल भूलकर भी मत करना। तुम्हारा दुश्मन।
अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं
पुलिस अभी तक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर केवल पत्र लाने वाले ड्राइवर को ही पकड़ सकी है। शनिवार को सीओ सदर एस के गौतम और एसपी ग्रामीण शैलेश सोनकर एसओजी टीम के साथ पहुंचे। पीड़ित से मिलकर मामले की जांच की। उसके आवास पर दो पुलिस के जवान की ड्यूटी भी लगा दी है। सीओ सदर के मुताबिक पुलिस हर एंगल पर पड़ताल कर रही है। ड्राइवर से भी कड़ी पूछताछ जारी है। शीघ्र ही मामले का असली मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-यूपी ATS ने मारा छापा, तीन संदिग्धों को लिया हिरासत में, पूछताछ जारी
