उन्नाव: लोडर लूटकांड में एक सप्ताह बाद भी पुलिस खाली हाथ, चालक को गनप्वाइंट पर लेकर की थी लूट
उन्नाव। एक सप्ताह पूर्व रात में नेशनल हाईवे से अजगैन कोतवाली क्षेत्र में हुई एसी लदे लोडर की लूट का मामला पुलिस के लिए अनबुझ पहेली साबित हो रहा है। घटना के आठ दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस की चार टीमें घटना के राजफाश …
उन्नाव। एक सप्ताह पूर्व रात में नेशनल हाईवे से अजगैन कोतवाली क्षेत्र में हुई एसी लदे लोडर की लूट का मामला पुलिस के लिए अनबुझ पहेली साबित हो रहा है। घटना के आठ दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस की चार टीमें घटना के राजफाश में अंधेरे में हाथ पांव मार रही हैं।
बता दें कि सीतापुर थाने के कैमा रामपुर कला जनपद सीतापुर का रहने वाला विशाल अवस्थी पुत्र राम किशन लोडर लखनऊ से एसी व कूलर लादकर उरई जा रहा था। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली गांव के बाइक सवार बदमाशों ने चालक को गन प्वाइंट पर लेकर उसे मारापीटा और उसके हाथ पांव बांध कर उसे सड़क किनारे डाल कर लोडर लेकर फरार हो गए। घटना वाली रात अजगैन कोतवाल पवन सोनकर ने रात में ही सीमाओं की नाकेबंदी की थी लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
पुलिस इस मामले को पहले तो फर्जी मान रही थी लेकिन टोल के सीसीटीवी फुटेज में लोडर को टोल पार करता देख पुलिस सक्रिय हुई। हलांकि लोडर चालक पुलिस के संदेह के घेरे में है। घटना के बाद कोतवाली पहुंचे एएसपी शशि शेखर सिंह पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद इसके खुलासे के लिए पुलिस, सर्विलांस व एसओजी की चार टीमें गठित कर घटना के राजफाश के निर्देश दिए थे।
घटना को एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस लकीर ही पीटती नजर आ रही है। इस संबंध में एसएचओ अजगैन पवन सोनकर से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि पुलिस व एसओजी की टीमें लगी हैं जल्द खुलासा होगा। सूत्र बतातें है कि लूटा गया लोडर गैर जनपद में सड़क किनारे लावारिश हालत में बरामद कर लिया गया है लेकिन उसमें लदा माल गायब है। शायद यही वजह है कि अभी पुलिस अधिकारिक रूप से लोडर बरामदगी की पुष्टि नहीं कर रही है।
मध्य प्रदेश तक पुलिस लगा चुकी है दौड़
लुटेरों की तलाश में पुलिस औरैया, इटावा जनपदों ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश तक खाक छान चुकी है। फिर भी लुटेरे अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सकें।
यह भी पढ़े:-सीतापुर: पत्रकार के निधन पर क्षेत्र में फैली शोक की लहर
