मुरादाबाद : राशन डीलर से रंगदारी मांगने में कथित पत्रकार गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। राशन डीलर से रंगदारी मांगने के आरोपी कथित पत्रकार को कटघर पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। आरोपी ने रंगदारी न देने पर राशन डीलर को दुकान निरस्त कराने, फर्जी बलात्कार और एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी। रंगदारी से मना करने पर आरोपी ने राशन डीलर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। राशन डीलर से रंगदारी मांगने के आरोपी कथित पत्रकार को कटघर पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। आरोपी ने रंगदारी न देने पर राशन डीलर को दुकान निरस्त कराने, फर्जी बलात्कार और एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी। रंगदारी से मना करने पर आरोपी ने राशन डीलर के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आशियाना फेज दो निवासी दीपक मेहरोत्रा राशन डीलर हैं। उनकी कटघर थानाक्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में दुकान है। तीन महीने से खुद को पत्रकार बताने वाला कटघर पचपेड़ा निवासी रविंद्र ठाकुर उनसे 25 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था। डीलर ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पौने 11 बजे रविंद्र दो साथियों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने डीलर को धमकाते हुए 25 हजार रुपये मांगे।
पीड़ित ने असमर्थता जताई तो कथित पत्रकार ने उन्हें दुकान की लाइसेंस निरस्त कराने की धमकी दी। फर्जी बलात्कार और एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करन लगा। आरोपी और उसके साथियों ने राशन डीलर से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने रविंद्र को पकड़ लिया। यह देख उसके दोनों साथी भाग निकले।
डीलर लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर थाने ले गए और पुलिस को सौंप दिया। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि डीलर दीपक मल्होत्रा की तहरीर के आधार पर कथित पत्रकार रविंद्र ठाकुर व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रंगदारी मांगने व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। आरोपी के अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
