मुरादाबाद : प्रिंसिपल के पति ने ट्रेन से कटकर दी जान, बीमारी से तंग आकर उठाया आत्मघाती कदम
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी कोतवाली क्षेत्र में प्राइमरी स्कूल की प्रिंसिपल के पति ने बीमारी से तंग आकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। बिलारी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से उनके परिवार में कोहराम मचा है। बिलारी थाना क्षेत्र के गांव राजा का सहसपुर निवासी 42 वर्षीय गजेंद्र …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी कोतवाली क्षेत्र में प्राइमरी स्कूल की प्रिंसिपल के पति ने बीमारी से तंग आकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। बिलारी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से उनके परिवार में कोहराम मचा है।
बिलारी थाना क्षेत्र के गांव राजा का सहसपुर निवासी 42 वर्षीय गजेंद्र कुमार एक निजी फानइेंस कंपनी में नौकरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी बबिता कुमारी तथा तीन साल का बेटा युग है। बबीता कुमारी बेसिक शिक्षा विभाग में राजा का सहसपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल हैं। बबीता कुमारी के भाई अमरोहा जनपद के रानी नगर निवासी प्रमोद ने बताया कि उनके बहनोई गजेंद्र बीते काफी समय से बीमारी के कारण परेशान चल रहे थे। पहले वह कोरोना की चपेट में आ गए थे। इसके बाद ब्लैकफंगस हो गया। इन दोनों बीमरियों से वह अभी उबर भी नहीं सके थे कि अचानक पैरालाइसिस अटैक हो गया।
दिल्ली के निजी अस्पताल से उनका उपचार चल रहा था। इससे वह पूरी तरह टूट गए और अवसाद में रहने लगे। इसके चलते बीते शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह किसी को बिना कुछ बताए घर से निकलकर राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर जाकर लेट गए। इस दौरान उधर से कोई ट्रेन गुजरी। इसकी चपेट में आकर उनकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को बिलारी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पति की मौत के बाद से प्रिंसिपल बबीता सुध-बुध खो बैठीं। जबकि तीन साल के मासूम बेटे को तो पता ही नहीं है कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
ये भी पढ़ें :मुरादाबाद : सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, होली मिलने मौसी के घर जा रहा था युवक
