लखीमपुर-खीरी: जमीनी विवाद में दो पक्षों के चले लाठी-डंडे, तड़तड़ाईं गोलियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निघासन-खीरी, अमृत विचार। जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष खेत पर ही आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे और फावड़े चले। इस दौरान कई राउंड फायिरंग हुई, जिससे इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गोली लगने से छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी लाई। सीएचसी …

निघासन-खीरी, अमृत विचार। जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष खेत पर ही आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे और फावड़े चले। इस दौरान कई राउंड फायिरंग हुई, जिससे इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गोली लगने से छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी लाई। सीएचसी से जिला अस्पताल भेजे गए घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया है। पुलिस ने ऐहितयातन दो गांवों में पुलिस बल तैनात किया है।

थाना भीरा के गांव रामनगर में थाना निघासन के गांव गदियाना और मुर्गहा निवासी दरबारा सिंह और मुर्गहा निवासी अशरफ के खेत पास-पास हैं। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को दरबारा सिंह अपने बेटे व अन्य कुछ लोगों के साथ जमीन की जुताई करने गए थे। बताते हैं कि इसकी जानकारी लगते ही गदियाना निवासी अशरफ भी कई लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। दोनों के बीच जमीन की जुताई करने को लेकर विवाद बढ़ गया।

देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और फावड़े आदि चलने लगे। दोनों पक्षों में काफी समय तक जमकर लाठी-डंडे और फावड़े चले। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई। गोलियों की तड़तड़ाहट से रामनगर गूंज उठा। गोलियों की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना थाना निघासन व भीरा पुलिस को दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक निघासन चंद्रभान यादव और थाना भीरा एसओ अजय कुमार राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख दोनों पक्षों के लोग मौके से खिसक गए। पुलिस ने गोली लगने से घायल

बालगोविंद पुत्र नंदलाल, चुन्ना पुत्र मंगू, अजय पुत्र मायाराम, गणेश पुत्र बालगोविंद, संतराम पुत्र रामऔतार और सुभाष को सीएचसी निघासन भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर हालत में कोई सुधार न होने पर डॉक्टर ने बालगोविंद, सुभाष और चुन्ना को लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा है। पुलिस के मुताबिक बालगोविंद को छर्रे लगे हं। साथ ही कोई नुकीली चीज भी मारी गई है। अभी घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।

प्रभारी निरीक्षक निघासन चंद्रभान यादव ने बताया कि घायलों में तीन की हालत गंभीर है, जिन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। घटना स्थल थाना भीरा क्षेत्र का है। इसलिए भीरा थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज होगी। उधर एसओ भीरा अजय कुमार यादव ने बताया कि अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

दो समुदायों के बीच खूनी संघर्ष से पुलिस सतर्क, फोर्स तैनात
जमीन विवाद में दो समुदायों के बीच हुए खूनी संघर्ष के बाद दोनों गांवों में तनाव है। इसको लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रभारी निरीक्षक निघासन चंद्रभान यादव ने बताया कि दोनों गांवों में तनाव को देखते हुए एहितयातन पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस हर गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। प्रभारी निरीक्षक ने दोनों गांवों के लोगों से जमीन को लेकर चल रहे विवाद की भी जानकारी ली।

संबंधित समाचार