पीलीभीत: सुनगढ़ी, जहानाबाद के बाद सेहरामऊ एसओ पर गिरी गाज
पीलीभीत, अमृत विचार। आदर्श आचार संहिता हटने के बाद पुलिस विभाग में एसपी की ओर से कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तबादला एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है। ड्यूटी में लापरवाही से जुड़ी शिकायतें मिलने पर सुनगढ़ी और जहानाबाद के इंस्पेक्टर पहले ही नप गए थे। अब सेहरामऊ उत्तरी थानाध्यक्ष योगेश कुमार को …
पीलीभीत, अमृत विचार। आदर्श आचार संहिता हटने के बाद पुलिस विभाग में एसपी की ओर से कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तबादला एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है। ड्यूटी में लापरवाही से जुड़ी शिकायतें मिलने पर सुनगढ़ी और जहानाबाद के इंस्पेक्टर पहले ही नप गए थे। अब सेहरामऊ उत्तरी थानाध्यक्ष योगेश कुमार को क्राइम ब्रांच भेज दिया है। उनके स्थान पर टीएसआई कमलेश कुमार मिश्रा को सेहरामऊ उत्तरी का एसओ बनाया गया है। हालांकि अभी टीएसआई पद के लिए मंथन चल रहा है।
लंबे समय से दियोरियाकलां कोतवाली में तैनात चल रहे दरोगा अचल कुमार का भी कार्यक्षेत्र बदला गया है। उन्हें बिलसंडा थाने का एसओ बनाया है। बिलसंडा एसओ उदयवीर सिंह को बरखेड़ा थाने की कमान सौंपी गई है। वह लंबे समय से बिलसंडा में तैनात चल रहे थे। कई बड़ी घटनाओं के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी।
वहीं, बरखेड़ा इंस्पेक्टर केके वर्मा को दियोरियाकलां कोतवाली का चार्ज दिया है। बरखेड़ा इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र बदलने को लेकर चर्चाएं तेज रही। माना जाता रहा कि पेट्रोल पंप के सेल्समैन से हुई लूट की वारदात का खुलासा करने के चलते वह कुर्सी बचाने में कामयाब रहे। फिलहाल दो दिन में तीन थाना प्रभारियों के नपने से पुलिस विभाग में हलचल बढ़ गई है। चौकी प्रभारियों की भी धड़कन तेज हैं।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: छह संदिग्ध हिरासत में, चार टीमें छानबीन में जुटी
