अयोध्या: नगर निगम की कार्रवाई से भड़के व्यापारी, सड़क जामकर की नारेबाजी, यातायात व्यवस्था चरमराई
अयोध्या। अयोध्या नगर के चौक क्षेत्र में शनिवार को दोपहर में नगर निगम के प्रवर्तन दल द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। प्रवर्तन दल द्वारा बिना पूर्व सूचना के दुकानों का चालान काटे जाने से भड़के दुकानदारों ने सड़क जाम कर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापरियों के आक्रोश की …
अयोध्या। अयोध्या नगर के चौक क्षेत्र में शनिवार को दोपहर में नगर निगम के प्रवर्तन दल द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। प्रवर्तन दल द्वारा बिना पूर्व सूचना के दुकानों का चालान काटे जाने से भड़के दुकानदारों ने सड़क जाम कर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापरियों के आक्रोश की खबर पाकर जब निगम के अफसर मौके पर पहुंचे तो व्यापारियों ने उन्हें घेर लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और सहायक नगर आयुक्त हरिश्चंद्र सिंह ने किसी तरह मामले को संभाला। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान जाम से चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
नगर निगम का प्रवर्तन दल नालियों पर कब्जे को लेकर बाजार में अभियान चला रहा है। इसी के चलते शनिवार को टीम रिफ्यूजी मार्केट पहुंची और सड़क के किनारे नालियों के ऊपर तक दुकान बढ़ा लेने वाले व्यापारियों के चालान काटने लगी। दुकानदारों ने इसका विरोध किया तो प्रवर्तन दल के कर्मी झड़प करने लगे। बस इसी को लेकर रिफ्यूजी मार्केट के दुकानदार भड़क उठे और चौक-रिकाबगंज मार्ग जाम कर दिया। व्यापारियों को जुटता देख प्रवर्तन दल मौके से निकल गया।
व्यापारी रास्ता जाम कर निगम के अफसरों को बुलाने की मांग करने लगे। चौकी चौक प्रभारी ने मौके पर पहुंच समझाने की कोशिश की, लेकिन व्यापारी अड़े रहे। आखिरकार पुलिस की सूचना पर सहायक नगर आयुक्त हरिश्चन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक निगम और व्यापारियों के बीच बहस चलती रही। सहायक नगर आयुक्त ने जांच का आश्वासन दिया तब व्यापारियों का गुस्सा शांत हुआ। व्यापारियों के सड़क पर उतरने के कारण चौक रिकाबगंज मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा।
व्यापारी बोले- वसूली का नया फंडा अपना रहा निगम
व्यापारी दिलजीत सिंह, अजीत सिंह का कहना है कि कई दशकों से रिफ्यूजी मार्केट में उनकी दुकानें हैं और अब निगम को नाली पर कब्जा याद आ रहा है। व्यापारी अशरफ इलाही का कहना है कि नालियों पर अतिक्रमण की बात कही जा रही है जबकि कोई अतिक्रमण नहीं है। लकड़ी के चबूतरे बने हैं। कैलाश आहूजा ने बताया कि यदि निगम के तर्क को मान भी लिया जाए तो पूर्व सूचना क्यों नहीं दी गई। दुकानदार ओमप्रकाश ने बताया कि पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये तक का चालान काट दिया गया। व्यापार हो नहीं रहा है, पैसे कहां से देंगे। व्यापारियों का कहना है कि ऐन केन प्रकारेण सब उत्पीड़न की कार्रवाई की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापारी वर्ग वसूली का निराधार आरोप लगा रहा है। पूर्व में नोटिस दी जा चुकी है। नालियों की सफाई व्यवस्था के लिए कार्रवाई की जा रही है। कब्जों के कारण जलनिकासी प्रभावित है…हरिश्चन्द्र सिंह, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम, अयोध्या।
यह भी पढ़ें:-रजिस्टर में बीट पुलिस की करें इंट्री, एसपी ने थाने का निरीक्षण कर जांची व्यवस्थाएं
