मुरादाबाद : नगर निगम में नौकरी का झांसा देकर लगाया लाखों का चूना
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के चालक और सुपरवाइजर ने लोगों को निगम में सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगा दिया। वर्षों बाद भी नौकरी नहीं लगने पर पीड़ितों ने रकम मांगी आरोपी टाल-मटोल करने लगे। इस पर पांच पीड़ितों ने नागफनी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपियों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के चालक और सुपरवाइजर ने लोगों को निगम में सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगा दिया। वर्षों बाद भी नौकरी नहीं लगने पर पीड़ितों ने रकम मांगी आरोपी टाल-मटोल करने लगे। इस पर पांच पीड़ितों ने नागफनी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपियों ने थाने में पुलिस के समक्ष रकम वापस करने का वादा कर लिया, मगर बाद में मुकर गए। पीड़ितों ने थाना पुलिस से लेकर डीजीपी और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई पर समस्या का हल नहीं निकला। पीड़ितों ने आरोपियों से जान-माल का खतरा जताया है।
नागफनी थाना क्षेत्र के दौलतबाग वाल्मीकि बस्ती निवासी ओमप्रकाश नगर निगम में कर्मी हैं। उनकी मुलाकात कटघर कोतवाली क्षेत्र के गुलाबबाड़ी निवासी अनिल उर्फ गब्बर से हुई। उसने खुद को नगर निगम में ड्राइवर बताते हुए कहा कि उसकी अधिकारियों से अच्छी जान-पहचान है। अनिल ने बताया कि वह डेढ़ लाख रुपये में सफाई कर्मी के पद पर नौकरी लगवा सकता है।
उसके झांसे में आकर ओमप्रकाश ने अपनी पत्नी शोभा की नौकरी लगवाने के लिए अनिल को दो अगस्त 2021 को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। मोहल्ले के ही अजय, अनीता, अमन और हर्ष ने भी अनिल को इसी दिन डेढ़-डेढ़ लाख रुपये दे दिए। ओमकार ने बताया कि अनिल उर्फ गब्बर ने इसी तरह से उनके मोहल्ले के ही करीब 12 लोगों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। अनिल ने नगर निगम के सुपरवाइजर विजय के अंडर में उनसे तीन महीने तक काम भी कराया।
तीन महीने बाद भी जब खाते में तनख्वाह नहीं आई तो पांचों पीड़ितों ने नागफनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद आरोपी ने 16 अक्टूबर को लिखित इकरारनामा किया, जिसमें उसने तनख्वाह देने का वादा किया। इसके बाद 25 अक्टूबर को पीड़ित उसके घर गए तो गालियां देकर भगा दिया। तभी से पीड़ित अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। एसएसपी, डीआईजी, डीजीपी से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुके हैं। पीड़ितों का कहना है कि अब आरोपी उन्हें हत्या की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने नागफनी पुलिस पर आरोपियों से हमसाज होने का आरोप भी लगाया है।
