अयोध्या: बेसिक शिक्षा परिषद ने शुरू की फिल्म निर्माण प्रतियोगिता, शिक्षकों का होगा चयन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। चौंकिए मत अब सिने स्टार्स की तरह बेसिक स्कूलों में तैनात शिक्षकों को अभिनय करने का मौका मिलेगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद शैक्षिक फिल्म निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें शैक्षिक वीडियो व फिल्मों के माध्यम से नवाचारी शिक्षण कराने वाले शिक्षकों को शामिल होकर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका …

अयोध्या। चौंकिए मत अब सिने स्टार्स की तरह बेसिक स्कूलों में तैनात शिक्षकों को अभिनय करने का मौका मिलेगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद शैक्षिक फिल्म निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें शैक्षिक वीडियो व फिल्मों के माध्यम से नवाचारी शिक्षण कराने वाले शिक्षकों को शामिल होकर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। ऐसे शिक्षकों को चिह्नित करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों को दिए गए हैं।

बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने प्रदेश के सभी बीएसए को पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों में कई शिक्षक हैं। जो विभिन्न प्रोफेशनल ग्रुप संचालित करते हैं और वाट्सएप के माध्यम से अपने शैक्षिक नवाचारों व गतिविधियों को अन्य शिक्षकों के शैक्षणिक कौशल विकास व विद्यार्थियों के स्तर को संवर्धन के उद्देश्य से साझा करते हैं। उन्हीं गतिविधियों के अंतर्गत शिक्षकों द्वारा शैक्षणिक वीडियो व फिल्में भी तैयार करके साझा की जाती हैं, जो शिक्षा व समाज के सरोकारों से जुड़ी होती हैं। कुछ शिक्षक तकनीकी रूप से सक्षम हैं और शैक्षिक फिल्म निर्माण में भी अभिरुचि रखते हैं। उनके लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

बीईओ के जरिए होगा प्रचार-प्रसार

निर्देश दिए हैं कि समस्त बीईओ के जरिए विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को इसके बारे में जानकारी दी जाए, जिससे कि अधिक से अधिक शिक्षक इसका फायदा उठा सकें। नवाचारी शिक्षक इसमें प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इसमें श्रेष्ठ फिल्मों का चयन कर राज्य स्तर पर पुरस्कृत भी किया जाएगा।

ऐसी होगी फिल्में

नवाचारी शिक्षकों को अपनी डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाकर शासन स्तर पर भेजनी है। फिल्म शैक्षिक व सामाजिक सरोकारों पर आधारित और संदेशप्रद हो। फिल्म की अवधि पांच मिनट से अधिक नहीं होनी चाहिए।

नवाचारी शिक्षकों को शैक्षिक व सामाजिक सारोकारों पर आधारित फिल्म बनाए जाने के लिए निर्देश प्राप्त हो गए हैं। इसके लिए शिक्षकों का चयन किया जा रहा है।

पढ़ें-अप्रैल से ‘जोसेफ’ के हिंदी रीमेक की शूटिंग शुरू करेंगे सनी देओल

संबंधित समाचार