अयोध्या: बीकापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, हरे पेड़ काट रहे दो लोग गिरफ्तार
अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रतिबंधित हरे पेड़ों पर आरा चलाने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। बनकट ग्राम पंचायत के कब्रिस्तान स्थित आम के हरे दो पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलते ही वन विभाग और कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। इन दिनों बीकापुर क्षेत्र में लकड़ी काटने …
अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रतिबंधित हरे पेड़ों पर आरा चलाने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। बनकट ग्राम पंचायत के कब्रिस्तान स्थित आम के हरे दो पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलते ही वन विभाग और कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई।
इन दिनों बीकापुर क्षेत्र में लकड़ी काटने वाला गिरोह सक्रिय हो गया था। क्षेत्र में हरे पेड़ों पर आरा चल रहा था। लोगों का कहना है कि इन लकड़ कट्टों द्वारा एक पेड़ का परमिशन लेने के बाद कई पेड़ों को कटवा दिया जाता है। फिलहाल हरे पेड़ों पर चल रहे कटान को देखते हुए पुलिस सक्रिय हो गई है। प्रभारी निरीक्षक मणि शंकर तिवारी ने बताया कि किसी भी हालत में क्षेत्र में अवैध कटान नहीं होने दिया जाएगा।
क्षेत्रीय वन अधिकारी हरिश्चंद्र त्रिपाठी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, जिन्हें देखकर पेड़ काटने में लगे लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने 2 लोगों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि मौके से कुल्हाड़ी, रस्सी और आरा को बरामद किया गया है। वन विभाग टीम के तारक नाथ चौबे ने बताया कि हरा आम का पेड़ काटे जाने की सूचना के बाद वन रेंजर के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।
पढ़ें-बाराबंकी: औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए किसानों ने सौंपा नायब तहसीलदार को सहमति पत्र
